

Theft In Shanti Nagar Nagpur: महाराष्ट्र की उपराजधानी नागपुर के शांतिनगर थाना क्षेत्र से चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहां चोरों ने एक बंद घर का ताला तोड़कर नकदी और कीमती जेवरात सहित कुल 2.57 लाख रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता हातिम तमीम दलाल (30), जो नयापुरा स्थित 'राज हाइट्स' के निवासी हैं, 14 अप्रैल को अपने घर पर ताला लगाकर एक पारिवारिक काम से अमरावती गए थे। घर सूना होने का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला और कुंडी तोड़कर घर के भीतर प्रवेश किया।
शातिर चोरों ने सीधे बेडरूम की अलमारी को निशाना बनाया। हातिम जब शुक्रवार को वापस लौटे, तो उन्हें घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे 1 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के कीमती जेवर गायब थे। चोरी हुए कुल माल की कीमत 2.57 लाख रुपये बताई जा रही है।
हातिम ने तुरंत शांतिनगर पुलिस स्टेशन पहुँचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम अब परिसर में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके। स्थानीय पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बाहर जाते समय अपने पड़ोसियों को सूचित करें और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखें।