37 करोड़ स्वाहा, फिर भी प्यासा गांधी सागर! नागपुर मनपा की सभा में भ्रष्टाचार पर भारी हंगामा

Gandhi Sagar Lake Nagpur Renovation: नागपुर मनपा की सभा में गांधी सागर तालाब का मुद्दा गरमाया। 37 करोड़ खर्च के बाद भी ट्रैक अधूरा। 32 लाख की 'खाऊ गली' 5 साल से बंद। महापौर का सख्त रुख।
High drama in Nagpur NMC meeting over ₹37.36 Cr expenditure on Gandhi Sagar Lake with no results.
गांधी सागर नागपुर (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

NMC Meeting Corruption Allegations: मध्य नागपुर के ऐतिहासिक गांधी सागर तालाब के पुनरुद्धार और सौंदर्याकरण परियोजना को लेकर मनपा की सभा में भारी हंगामा हुआ। गांधी सागर तालाब की जिम्मेदारी संभाल रहे कार्यकारी अभियंता अनिल गेडाम और अधीक्षक अभियंता श्वेता बैनर्जी पर निशाना साधकर वरिष्ठ पार्षद बंडू राऊत ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि 49.82 करोड़ रुपये के मंजूर प्रोजेक्ट में से 37.36 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं लेकिन धरातल पर काम अधूरा है।

स्थिति यह है कि इतने भारी खर्च के बाद भी तालाब के चारों ओर का ट्रैक तक पूरा नहीं हो सका है जिसके लिए पूरी तरह से अधिकारी जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि मुद्दे को लेकर सवाल पूछे जाने पर उचित जवाब तक नहीं दिए गए हैं। सभा में यह मुद्दा प्रमुखता से उठा कि तालाब परिसर में रखरखाव का नामोनिशान नहीं है। पार्षद बंडू राऊत ने शिकायत की कि परिसर की 16 लाइट बंद थे जिन्हें खुद जनप्रतिनिधियों ने चालू करवाया।

इसके अलावा, वहां सुरक्षा गार्ड न होने के कारण असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। पास में शराब की दुकान होने के कारण लोग वहां कांच की बोतलें फोड़ते हैं जिससे नागरिकों का परिवार के साथ घूमना दूभर हो गया है। महापौर नीता ठाकरे ने इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए कल से ही सुरक्षा गार्डों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

32 लाख की 'खाऊ गली' 5 साल से बंद

अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए राऊत ने बताया कि 32 लाख रुपये खर्च कर बनाई गई 'खाऊ गली' पिछले 5 वर्षों से बंद पड़ी है। गुजरात के अहमदाबाद से विशेष स्टॉल मंगाए गए थे लेकिन दीवार गिरने के बहाने इसे बंद कर दिया गया जिससे जनता के पैसे की बर्बादी हो रही है। इसके साथ ही पंडित नेहरू बाल भवन की जर्जर हालत और वहां की ढह रहीं दीवारों का मुद्दा भी उठाया गया।

इस तरह का रहा सफर

कुल बजट : 49.82 करोड़ खर्च: 37.36 करोड़। शिकायत: 16 लाइट बंद थे, ट्रैक का काम अधूरा, सुरक्षा गार्ड नदारद, खाऊ गली: 32 लाख के स्टॉल धूल फांक रहे, 5 साल से बंद।

नातिक चौक का सौंदर्याकरण अटका

मशहूर शायर मौलाना आजाद के नाम पर बने नातिक चौक के सौंदर्याकरण का काम भी विरोध और खराब प्लानिंग की भेंट चढ़ गया है।

महापौर का सख्त रुख, आज होगा निरीक्षण

मामले की गंभीरता को देखते हुए महापौर नीता ठाकरे ने स्पष्ट किया कि अधूरा काम और गलत जानकारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आदेश दिया कि मनपा आयुक्त, संबंधित अधिकारी और क्षेत्रीय पार्षद शनिवार को तालाब का संयुक्त दौरा करेंगे और आ रहीं बाधाओं को दूर कर काम में तेजी लाएंगे, साथ ही बाल भवन और खाऊ गली को पुनर्जीवित करने के लिए आवश्यक निधि और टेंडर प्रक्रिया को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया गया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com