नागपुर: फुटाला फाउंटेन का काम फिर अटका: युद्ध के कारण विदेशी टीम नहीं पहुंची, प्रोजेक्ट पर अनिश्चितता

नागपुर के फुटाला फाउंटेन प्रोजेक्ट में युद्ध के कारण देरी, विशेषज्ञ टीम का दौरा टला।
nagpur-114
Published on
Updated on

Nagpur News: नागपुर लंबे समय से बंद पड़े फुटाला फाउंटेन प्रोजेक्ट को दुरुस्त करने का काम एक बार फिर अटक गया है। हाल ही में मरम्मत का काम शुरू हुआ था, लेकिन अंतरराष्ट्रीय हालात ने इस पर असर डाल दिया है।

जानकारों के अनुसार, प्रोजेक्ट के लिए जरूरी केबल और उपकरण विदेश से आने थे, जो युद्ध के चलते अटक गए हैं। हालांकि पहले से उपलब्ध सामग्री के सहारे फिलहाल कुछ काम जारी है, लेकिन स्थिति जल्द नहीं सुधरी तो प्रोजेक्ट में फिर लंबी देरी तय मानी जा रही है।

फाउंटेन के लिए नए वायर दमन से नागपुर लाए गए हैं, लेकिन दुरुस्ती के लिए फ्रांस की विशेषज्ञ टीम तय समय पर नहीं पहुंच सकी। महामेट्रो और ठेकेदारों के मुताबिक, युद्ध के कारण टीम का दौरा फिलहाल टल गया है।

इस परियोजना को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की संकल्पना से तैयार किया गया है। सर्वोच्च न्यायालय का निर्णय शासन के पक्ष में आने के बाद प्रोजेक्ट दोबारा शुरू करने का रास्ता साफ हुआ था। इसके बाद महामेट्रो और ठेकेदार एजेंसियों ने काम तेज किया।

हालांकि लंबे समय तक बंद रहने के कारण कई उपकरण खराब हो चुके हैं, जिससे मरम्मत का खर्च 10 करोड़ रुपये से अधिक आंका गया है। गौरतलब है कि मई 2023 में उद्घाटन से पहले ही केबल्स पर काई जमने के कारण फाउंटेन बंद पड़ गया था।

बाद में आईआईटी मुंबई से केबल्स की जांच कराई गई और नए केबल लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई। इसके लिए तालाब परिसर में विशेष व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं।

 युद्ध के कारण टला दौरा

प्रशासन के मुताबिक, फ्रांस की टीम फरवरी के अंत तक नागपुर आने वाली थी, लेकिन मध्यपूर्व, अमेरिका और यूरोप में बढ़ते युद्ध के कारण उनका दौरा टाल दिया गया। अब टीम कब पहुंचेगी और फाउंटेन कब शुरू होगा, इस पर असमंजस बना हुआ है।

फिलहाल, फुटाला परिसर में सौंदर्यीकरण के कुछ अस्थायी काम जारी हैं, लेकिन मुख्य फाउंटेन शुरू होने के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com