

Nagpur Accident Bike Rider Killed: नागपुर शहर के व्यस्ततम इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। सीताबर्डी थाना क्षेत्र अंतर्गत जीरो माइल के पास मेट्रो पिलर नंबर 215 के समीप तेज रफ्तार ई-बस की चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि प्रत्यक्षदर्शियों के रोंगटे खड़े हो गए।
मृतक की पहचान प्रेमनगर, झंडा चौक निवासी 45 वर्षीय रितेश पुंडलिक सातपुते के रूप में हुई है। वे पेशे से मेडिसिन डिलीवरी का काम करते थे और अपने परिवार पत्नी मयूरी, 8 वर्षीय बेटे शिवांश और 12 वर्षीय बेटी सृष्टि के साथ रहते थे। रोज की तरह मंगलवार सुबह भी वे अपनी मोटरसाइकिल (एमएच 31-सीटी 2123) से काम पर निकले थे। पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 12:15 बजे रितेश संविधान चौक से जीरो माइल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान प्रिंस सावजी भोजनालय के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार ई-बस (एमएच 40-डीसी 2631) के चालक शेख सरवर शेख सगीर (26) ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। लापरवाही और तेज गति के चलते बस ने रितेश की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि रितेश बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। इससे पहले कि वे संभल पाते, बस का पिछला पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीताबर्डी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का पंचनामा किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेयो अस्पताल भेजा गया।
हादसे के बाद मृतक के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, क्योंकि रितेश ही घर के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे।
मृतक के भाई श्याम सातपुते की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय बस की गति कितनी थी और चालक की लापरवाही किस हद तक जिम्मेदार थी।
यह हादसा एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरों को उजागर करता है। खासकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में इस तरह की घटनाएं न केवल यातायात नियमों की अनदेखी को दर्शाती हैं, बल्कि आम नागरिकों की जान के लिए भी बड़ा खतरा बनती जा रही हैं।