हाथ में जो आया वही लेकर भागे लोग, धामनगांव में भीषण आग से आधा गांव राख, मची भारी चीख-पुकार

Nagpur Fire Accident: नागपुर जिले के भीवापुर तहसील में भीषण आग ने धामनगांव का आधा हिस्सा जला दिया। कचरा जलाने से उठी चिंगारी ने तूफान के कारण विकराल रूप लिया, जिससे कई परिवार बेघर हो गए।
People fled, grabbing whatever they could lay their hands on; a massive fire in Dhamangaon reduced half the village to ashes, sparking widespread panic and cries of distress.
गांव में फैलती आग (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Dhamangaon Fire News: नागपुर के भीवापुर तहसील स्थित धामनगांव में शनिवार शाम एक ऐसी तबाही आई जिसने पूरे गांव को मातम में डुबो दिया। एक छोटी सी चिंगारी ने देखते ही देखते ऐसा विकराल रूप धारण किया कि गांव के आधे घरों का अस्तित्व ही मिट गया।

कैसे भड़की तबाही की आग?

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6:30 बजे एक खेत में कचरा जलाया जा रहा था। उसी दौरान अचानक आए तेज तूफान और हवा के झोंकों ने आग की एक चिंगारी को उड़ाकर गांव के एक घर पर फेंक दिया। गर्मी के मौसम और तेज हवाओं के कारण आग ने पल भर में एक के बाद एक कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया।

जान बचाने की मची जद्दोजहद

आग इतनी तेजी से फैली कि गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग अपनी जान बचाने के लिए बदहवास होकर इधर-उधर भागने लगे। इस भगदड़ में गिरने के कारण 4 से 5 लोग घायल भी हुए हैं। घरों में रखा अनाज, कपड़ा, बर्तन और साल भर का संचय जलकर राख हो गया। आग लगते ही गांव की बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई, जिससे राहत कार्य में और अधिक मुश्किलें आईं। ग्रामीण बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश करते रहे।

प्रशासनिक कार्रवाई और राहत कार्य

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं, लेकिन गांव की सड़कें संकरी होने के कारण केवल दो ही गाड़ियाँ घटनास्थल तक पहुँच सकीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नागपुर शहर से भी अतिरिक्त दमकल की गाड़ियाँ धामनगांव भेजी गईं। अपर पुलिस अधीक्षक अनिल म्हस्के सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी स्थिति का जायजा लेने पहुंचे।

हालांकि राहत की बात यह है कि इस घटना में कोई जीवित हानि नहीं हुई है, लेकिन आर्थिक रूप से ग्रामीणों को भारी क्षति पहुँची है। किसानों के गौशालाएं और अनाज के भंडार पूरी तरह नष्ट हो गए हैं। देर रात तक आग पर काबू पाने के प्रयास जारी रहे और प्रशासन के अनुसार स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में आ रही है। फिलहाल पूरा गांव सदमे में है और बेघर हुए लोग सरकार से मदद की आस लगाए बैठे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com