ऑनलाइन ऑर्डर किया था चाकू, 10वीं की छात्रा की हत्या के मामले में नागपुर पुलिस का बड़ा खुलासा

Nagpur News: नागपुर में 16 वर्षीय छात्रा की दिनदहाड़े हत्या के नाबालिग आरोपी ने ऑनलाइन चाकू मंगाकर वारदात को अंजाम दिया था। दो साल की दोस्ती के बाद रिश्तों में दरार से उपजा विवाद था।
Murder
(प्रतीकात्मक तस्वीर)
Published on
Updated on

Nagpur Crime News: नागपुर के अजनी के सेंट एंथोनी स्कूल के समीप शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई 16 वर्षीय छात्रा की हत्या से पालकों में भय का माहौल है। इस मामले में पुलिस ने नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया है। उससे लगातार पूछताछ जारी थी। आरोपी कई दिनों से छात्रा की हत्या की प्लानिंग कर रहा था। 4 दिन पहले ही उसने ऑनलाइन शॉपिंग साइट से चाकू खरीदा था।

मृतक 10वीं कक्षा की छात्रा थी। 2 वर्ष से उसकी आरोपी से दोस्ती थी लेकिन आरोपी की असामाजिक तत्वों के साथ दोस्ती थी। इस वजह से उसने आरोपी से बातचीत बंद कर दी थी। आरोपी को लग रहा था कि उसकी किसी और के साथ दोस्ती हो गई है। इसीलिए वह कई दिनों से छात्रा को धमका रहा था। छात्रा ने उसे पुलिस से शिकायत करने की धमकी भी दी थी। तब से आरोपी गुस्साया था।

कुछ दिन पहले उसने ऑनलाइन शॉपिंग साइट से चाकू ऑर्डर किया। 4 दिन पहले उसे चाकू डिलीवर भी हो गया। तब से वह छात्रा को मारने की फिराक में था। शुक्रवार को दोपहर में उसने स्कूल के समीप छात्रा का रास्ता रोका। दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसी बीच आरोपी ने चाकू निकालकर छात्रा की छाती और गर्दन पर सपासप वार किए और भाग निकला।

आरोपी का कृत्य भयानक

जख्मी छात्रा को मेडिकल अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। क्राइम ब्रांच ने 3 घंटे के भीतर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी का बाप भी नामजद आरोपी है। लूट के कई मामले दर्ज हैं। पिछले कुछ समय से वह केयरटेकर का काम कर रहा है। आरोपी भी एक घर में केयरटेकर का काम करता था और 12वीं कक्षा में पढ़ रहा था। उसकी उम्र 17 वर्ष 8 महीने बताई जा रही है।

अजनी के थानेदार नितिनचंद्र राजकुमार ने कहा कि आरोपी द्वारा किया गया कृत्य भयानक है। इससे पालकों में भय का माहौल है। पेशेवर अपराधी की तरह उसने वारदात को अंजाम दिया। इसीलिए पुलिस बाल न्यायालय से अपील करेगी कि उसे बालिग मानकर मर्डर केस चलाया जाए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com