देवेंद्र के मंत्रिमंडल में इन नए चेहरों को मिलेगी जगह! शिरसाट, तटकरे और बावनकुले के साथ रेस में ये नए चेहरे

महाराष्ट्र विधानसभा के नतीजों के बाद सभी की नजरें कैबिनेट विस्तार पर है। इस बार रेस में इन नए चेहरों को जगह मिलने की उम्मीदें है। महायुति की इस जीत के बाद अब रेस में ये नाम आगे है, जो आज नए मंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
देवेंद्र के मंत्रीमंडल में इन नए चेहरों को मिलेगी जगह!
महायुति कैबिनेट विस्तार आज (सौजन्य-एएनआई)
Published on
Updated on

मुंबई: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के नतीजों के बाद सभी को कैबिनेट विस्तार का इंतजार था। जो कि आज खत्म हो जाएगा। आज राज्य में सभी की नजरें कैबिनेट विस्तार पर टिकी हुई है। कैबिनेट विस्तार आज नागपुर में किया जाएगा, जिसके लिए सभी नेता नागपुर पहुचेंगे।

कैबिनेट विस्तार से पहले 5 दिसंबर को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बीजेपी के नेतृत्व वाली महायुति की शानदार जीत के बाद देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इनके साथ ही उपमुख्यमंत्री पद के लिए अजित पवार और एकनाथ शिंदे ने भी मुंबई के आजाद मैदान में पीएम नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में शपथ ली।

इन नए चेहरों को मिलेगी जगह

इस बार शिवसेना से इन नए चेहरों को मंत्री पद मिलने की संभावना है। इनमें कुल 6 लोगों के नाम सामने आए है। इन मंत्रियों में मराठवाड़ा के संजय शिरसाट, रायगढ़ से भरत शेठ गोगावले, कोंकण से योगेश कदम, विदर्भ से आशिष जैस्वाल, पश्चिम महाराष्ट्र से प्रकाश अबिटकर और ठाणे से प्रताप सरनाईक को मौका मिलने की संभावना है।

इसके अलावा अगर अजित पवार की एनसीपी की बात की जाए तो इसमें छगन भुजबल, धनंजय मुंडे और अदिति तटकरे का नाम आगे है। वहीं बीजेपी की ओर से चंद्रकांत पाटिल, गिरीश महाजन, सुधीर मुनगंटीवार और चन्द्रशेखर बावनकुले को मिलने की संभावना है।

आपको बताते चले कि हफ्ते भर चलने वाला महाराष्ट्र विधानसभा का शीतकालीन सत्र 16 दिसंबर से नागपुर में शुरू होगा। इस सत्र के दौरान राज्य के विकास को लेकर महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इस दौरान महाराष्ट्र के सभी मंत्री इस सत्र में मौजूद रहेंगे।

43 मंत्री ले सकते है शपथ

जानकारी दें कि महाराष्ट्र मंत्रिपरिषद में मुख्यमंत्री सहित ज्यादा से ज्यादा 43 मंत्री बन सकते है। सूत्रों की माने तो इस बार भारतीय जनता पार्टी को 20 से 21 पद मिल सकते है। एनसीपी अजित पवार को 9 से 10 और एकनाश शिंदे की शिवसेना को 11-12 मंत्री पद दिए जाने की संभावनाएं है।

शुक्रवार को बीजेपी के महाराष्ट्र प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने मंत्रिमंडल गठन के लिए एकनाश शिंदे और अजित पवार से अलग-अलग मुलाकात की थी। उन्होंने दक्षिण मुंबई में पवार के देवगिरी बंगले पर विचार-विमर्श किया था, जहां उन्होंने नेताओं से भी मुलाकात की।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com