नागपुर के कोराडी मंदिर में उमड़ेंगे 25 लाख भक्त, 11 से 20 अक्टूबर तक अखंड ज्योत और स्वयंभू दर्शन की खास तैयारी

Nagpur Koradi Temple Navratri: कोराडी महालक्ष्मी मंदिर में अश्विन नवरात्रि उत्सव के लिए 25 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। 7,000 अखंड ज्योत, कड़ी सुरक्षा के साथ विशेष दर्शन की व्यवस्था की गई है।
Nagpur Koradi Temple Master Plan
कोराडी स्थित सुप्रसिद्ध श्री महालक्ष्मी जगदंबा संस्थान सोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Mahalaxmi Jagdamba Koradi: नागपुर जिले में अश्विन नवरात्रि महोत्सव को लेकर कोराडी स्थित श्री महालक्ष्मी जगदंबा संस्थान में जोरदार तैयारियां की जा रही हैं। 11 से 20 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले नवरात्रि महोत्सव में इस वर्ष करीच 25 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

मां महालक्ष्मी जगदंबा के दर्शन के लिए विदर्भ सहित महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में भक्तों के कोराडी पहुंचने की उम्मीद है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए संस्थान प्रशासन ने दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और अन्य आवश्यक सुविधाओं की तैयारी की है।

महोत्सव के दौरान संस्थान की ओर से करीब 7 हजार अखंड मनोकामना ज्योतियां प्रज्वलित की जाएंगी। इन ज्योतियों के माध्यम से श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं मां के चरणों में अर्पित करेंगे, ज्योति प्रज्वलन के लिए संस्थान की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है। नवरात्रि के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहेगा।

नवरात्रि के दौरान पुलिस का कड़ा बंदोबस्त

नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नागपुर पुलिस प्रशासन के सहयोग से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। दर्शन के लिए आने वाले भक्तों की कतारों, प्रवेश और निकास मार्गों, यातायात नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

भीड़ प्रबंधन के साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं। संस्थान प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर महोत्सव को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारी की गई है। प्रशासन का प्रयास है कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बावजूद दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रहे और किसी को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

पहले दिन सुबह 5 बजे से होंगे स्वयंभू के दर्शन

नवरात्रि महोत्सव के पहले दिन 11 अक्टूबर को सुबह 5 से 10 बजे तक मां श्री महालक्ष्मी जगदंबा के स्वयंभू दर्शन का विशेष अवसर श्रद्धालुओं को मिलेगा। इस विशेष दर्शन पर्व में बड़ी संख्या में भक्तों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए संस्थान प्रशासन ने दर्शनार्थियों की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए विशेष योजना बनाई है।

Nagpur Koradi Temple Master Plan
नागपुर के कोराडी महालक्ष्मी जगदंबा संस्थान को 30 साल के लिए 1 रुपये में मिलेगी सरकारी जमीन, कैबिनेट की मंजूरी

श्री महालक्ष्मी जगदंबा संस्था दोपहर में दर्शन करने की अपील

नवरात्रब के दौरान सुबह और शाम के समय मंदिर में सबसे अधिक भीड़ रहती है। इसके मुकाबले दोपहर में श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षाकृत कम होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए श्री महालक्ष्मी जगदंबा संस्थान ने भक्तों से यथासंभव दोपहर के समय दर्शन के लिए आने की अपील की है।

इससे भीड़ का दबाव कम होगा और श्रद्धालुओं को सुविधाजनक तरीके से मां के दर्शन करने का अवसर मिलेगा। संस्थान ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे दर्शन के दौरान धैर्य और अनुशासन बनाए रखें तथा सुरक्षा व्यवस्था में प्रशासन का सहयोग करें।

नवरात्रि महोत्सव को शांतिपूर्ण, अनुशासित और भक्तिमय वातावरण में संपन्न कराने के लिए संस्थान प्रशासन पूरी तरह तैयार है। मां महालक्ष्मी जगदंबा के दर्शन सभी भक्तों को सुरक्षित और सुगम तरीके से उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com