एमआईडीसी रेलवे गेट पर भीषण ट्रैफिक जाम, दिन में 30 बार बंद होता है फाटक; आरओबी कार्य शुरू करने की मांग

कलमेश्वर एमआईडीसी मार्ग पर रेलवे गेट बंद होने से परेशानी बढ़ी।
nagpur-211
Published on: 
Updated on: 

Nagpur News: एमआईडीसी मार्ग पर स्थित रेलवे गेट आम नागरिकों और नौकरीपेशा लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। यह गेट दिनभर में लगभग 25 से 30 बार बंद होता है, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को बारबार रुकना पड़ता है। यह मार्ग दिल्ली रूट से जुड़ा होने के कारण यहां वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है।

हाल ही में यूबीटी के संपर्क प्रमुख मंगेश गमे के नेतृत्व में नगराध्यक्ष अविनाश माकोडे को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि खासकर गर्मी के मौसम में गेट बंद होने पर लोगों को आधे से एक घंटे तक इंतजार करना पड़ता है। तेज धूप में खड़े रहने से वाहन चालक और राहगीर बेहद परेशान हो रहे हैं।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि इस रेलवे गेट पर आरओबी रेलवे ओवरब्रिज को मंजूरी मिले कई महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। मांग की गई है कि आरओबी का कार्य जल्द शुरू कर इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।

इस ज्ञापन की प्रति विधायक आशीष देशमुख और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को भी भेजी गई है, ताकि इस गंभीर समस्या पर शीघ्र कार्रवाई हो सके। ज्ञापन सौंपते समय नप कार्यालय में नगरसेवक सुमेर भोस्कर भी उपस्थित थे।

ट्रैफिक नियंत्रण के लिए पुलिस तैनाती जरूरी

एमआईडीसी क्षेत्र में स्थित जेएसडब्ल्यू कंपनी के भीतर से रेलवे लाइन गुजरने के कारण गेट दो भागों में बंटा हुआ है, जिससे आवागमन और अधिक जटिल हो जाता है। ऐसे में ट्रैफिक सुचारू रखने के लिए इस स्थान पर पुलिस तैनात करने की भी मांग की गई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com