होटल व्यवसायी को लगाया 85 लाख का चूना, पति-पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज

Maharashtra Two arrested in connection with bank fraud in Latur
करोड़ों रुपयों की धोखाधड़ी
Published on: 
Updated on: 

नागपुर. व्यापार में पैसा निवेश करने के नाम पर पति-पत्नी ने मिलकर एक होटल व्यवसायी को 85 लाख रुपये का चूना लगा दिया. सदर पुलिस ने कसाबपुरा, नाल साहब रोड निवासी मिर्जा आरिफ बेग (46) की शिकायत पर मामला दर्ज किया है. आरोपियों में लक्ष्मी प्लाजा, सहस्त्रबुद्धेनगर निवासी मोहम्मद निसार भाटी (46) और परवीनबानो निसार भाटी (42) का समावेश है.

आरिफ सदर में होटल चलाते हैं. निसार से उनकी पुरानी दोस्ती थी. वर्ष 2019 में निसार ने आरिफ के होटल में मुलाकात की. आर्थिक अड़चन होने की जानकारी देकर समय-समय पर 3 लाख रुपये लिए. कुछ समय बाद आरिफ ने अपने पैसे वापस मांगे तो निसार टालमटोल करने लगा. इसके बाद निसार और परवनीबानो ने उन्हें बताया कि लक्ष्मी प्लाजा में उनके 6 फ्लैट हैं. इन फ्लैट में 24 रूम बनाकर लॉजिंग-बोर्डिंग शुरू करने पर अच्छा मुनाफा होगा.

इसी दौरान आरिफ को पता चला कि सभी फ्लैट बैंक में गिरवी हैं. निसार ने मिन्नतें करके आरिफ से बैंक की किस्तें भी भरवाईं. कुल 85 लाख रुपये खर्च होने के बाद यहां ‘गैलेक्सी इन’ नामक होटल शुरू किया गया. होटल का सारा काम आरिफ के दोस्त समीर खान देखते थे. इस बीच लॉकडाउन लग गया और होटल बंद पड़ी थी.

अपने परिवार के साथ हैदराबाद गया निसार नागपुर आ गया और क्वारंटाइन होने के लिए होटल का इस्तेमाल किया. भाटी परिवार ने होटल में कब्जा जमा लिया और वहां ताज होटल खोल लिया. आरिफ और समीर को होटल में आने से रोक दिया और 85 लाख रुपये का नुकसान पहुंचाया. उन्होंने पुलिस से शिकायत की. प्राथमिक जांच के बाद सदर पुलिस ने विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.