समृद्धि महामार्ग पर पुन: भीषण हादसा, एक ही परिवार के 3 मृत

Samruddhi Mahamarg
File Photo
Published on: 
Updated on: 

नागपुर/जालना. समृध्दि महामार्ग पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. लगातार दूसरे दिन जालना के समीप चंदनझिरा में हुए भीषण हादसे में नागपुर निवासी 2 महिलाओं व 1 पुरुष सहित 3 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. तीनों मृतक एक ही परिवार के थे. जबकि उसी परिवार का एक अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल है. उसकी हालत बेहद चिंताजनक है.

अहमदनगर से लौट रहे थे

जालना माहामार्ग पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नागपुर निवासी राणोजी शिवराम पिजारे, शांताबाई पुरे, मालुबाई पुरे और सूरज तिजारे (सभी एक ही परिवार के) कार क्रमांक एमएच 49 बीडब्ल्यू 0615 से अहमदनगर से नागपुर वापस लौट रहे थे. जालना के समीप चंदनझिरा थानाक्षेत्र में कंटेनर क्रमांक सीजी 04 जेडी 0104 ने कार को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. राणोजी, शांताबाई और मालुबाई की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. जबकि सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया.

पीछा कर चालक को दबोचा

महामार्ग पुलिस व एमएसएफ ने समृध्दि महामार्ग के डॉक्टर यासीन शाह की मदद से जालना व सिंदखेडराजा की एम्बुलेंसों से तीनों शवों और घायल सूरज को जालना के सामान्य शासकीय रुग्णालय पहुंचाया. घटना के बाद कंटेनर चालक भागने का प्रयास कर रहा था लेकिन महामार्ग पुलिस ने पीछा की उसे दबोच लिया और चंदनझिरा पुलिस के हवाले कर दिया. महामार्ग पुलिस केंद्र के पी.एस.आई. साखरे, ए.एस.आई. चाटे, सिपाही बिजुले, बेडेकर ने राहत और बचाव कार्य में मदद की. पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिवारजनों को सौंपा जाएगा.