पत्नी की हत्या कर लगाई फांसी; चरित्र पर करता था संदेह, हथौड़ी से फोड़ा सिर

CHHAWANI MOIL MUDER(14)
Published on: 
Updated on: 

नागपुर. छावनी परिसर में सनसनीखेज घटना सामने आई. मॉयल क्वार्टर परिसर में एक व्यक्ति ने हथौड़ी से सिर फोड़कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी. बाद में खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. शनिवार देर रात यह घटना हुई लेकिन मामला रविवार की सुबह प्रकाश में आया. मृतकों में मॉयल क्वार्टर निवासी सोनिया राजेश मंडाले (37) और राजेश खेमराज मंडाले (50) का समावेश है.

दोनों मूलत: चारगांव, रामटेक के रहने वाले थे. सोनिया मॉयल में लैब असिस्टेंट के पद पर कार्यरत थी जबकि राजेश निजी संस्थान में नौकरी करता था. 4 वर्ष पहले राजेश को कैंसर हो गया. तब से वह घर पर ही रह रहा था. पुलिस के अनुसार 15 वर्ष पहले राजेश का पहली पत्नी के साथ तलाक हो गया था. वह अपने 2 बच्चों के साथ अलग हो गई. इसके बाद राजेश ने सोनिया से प्रेम विवाह किया. उन्हें वैष्णवी नामक 14 वर्षीय बेटी है. वह 9वीं कक्षा में पढ़ती है. पिछले कुछ महीनों से राजेश पत्नी के चरित्र पर संदेह कर रहा था.

इस वजह से दोनों का विवाद होता रहता था. शनिवार की रात वैष्णवी अपने कमरे में सोने चली गई. देर रात राजेश और सोनिया के बीच विवाद हो गया. झगड़ा इतना बढ़ गया कि राजेश ने सोनिया के सिर पर हथौड़ी से 3 से 4 बार प्रहार किया. सोनिया वहीं बेहोश होकर गिर गई और मौत हो गई. इसके बाद राजेश ने सीलिंग फैन से रस्सी बांधकर फांसी लगा ली. वैष्णवी गहरी नींद में थी. इस कारण उसे कुछ पता नहीं चला. 

बेटी ने देखे शव 

11 बजे वैष्णवी को ट्यूशन क्लास जाना होता है. रविवार की सुबह 10 बजे के दौरान वैष्णवी की नींद खुली. घर में बिल्कुल शांति थी. वह माता-पिता के कमरे में गई तो सोनिया खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ी हुई थी. पिता फंदे पर लटके हुए थे. वैष्णवी को गहरा सदमा पहुंचा. उसके रोने और चीखने की आवाज सुनकर पड़ोसी जमा हो गए. वैष्णवी ने अपने मामा अमित यादव को घटना की जानकारी दी. अमित तुरंत सदर पुलिस स्टेशन पहुंचे और घटना की जानकारी दी.

खबर मिलते ही डीसीपी राहुल मदने, इंस्पेक्टर संजय मेंढे और किशोर पर्वते अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पंचनामा कर दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए मेयो अस्पताल भेजे गए. राजेश अपनी बीमारी को लेकर भी तनाव में था. उसे लग रहा था कि सोनिया के किसी के साथ प्रेम संबंध हैं. इस वजह से दोनों का लगातार विवाद हो रहा था. पुलिस ने हत्या और आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

उसने मेरे मरने का इंतजार नहीं किया

राजेश को संदेह था कि सोनिया के किसी के साथ अनैतिक संबंध है. यही वजह कलह का कारण बनी. राजेश ने सोनिया की हत्या करके खुद फांसी लगा ली, लेकिन आत्महत्या करने से पहले एक सुसाइड नोट भी लिखा. उस चिट्ठी में राजेश ने लिखा कि 'उसने मेरे मरने का इंतजार नहीं किया'. उसके मरने के बाद घर की रजिस्ट्री और किसे कितने पैसे देना है सहित कुछ और बातों का भी उल्लेख किया है. पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर लिया है.