नागपुर स्नातक चुनाव: BJP प्रत्याशी सुधाकर कोहले पर विरोधियों की आपत्ति खारिज, 54 दावेदार मैदान में

Nagpur Graduates Constituency Election: नागपुर संभाग स्नातक चुनाव में भाजपा उम्मीदवार सुधाकर कोहले का नामांकन पत्र मान्य कर लिया गया है। कुल 54 प्रत्याशी मैदान में हैं, 23 अक्टूबर को मतदान होगा।
Sudhakar Kohale BJP
सुधाकर कोहालेसोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Sudhakar Kohale BJP: नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की बुधवार को छानबीन की गई। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उम्मीदवार सुधाकर कोहले के शपथपत्र पर विरोधियों द्वारा आपत्तियां दर्ज कराई गईं।

हालांकि विभागीय आयुक्त एवं निर्वाचन अधिकारी विजयलक्ष्मी बिदरी ने इन सभी आपत्तियों को खारिज करते हुए कोहले के नामांकन को मान्य कर लिया। उनके साथ ही चुनाव मैदान में उतरे अन्य सभी 54 उम्मीदवारों के आवेदन भी स्वीकार कर लिए गए हैं। चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा और 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी।

प्रत्याशी 9 अक्टूबर तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। चुनाव मैदान में किस्मत आजमा रहे 54 उम्मीदवारों में प्रमुख रूप से भाजपा के सुधाकर कोहले, कांग्रेस के अभिजीत वंजारी, भाजपा के बागी अनिल सोले, वंचित बहुजन आघाड़ी के मंगेश वानखेड़े शामिल हैं।

कोहले के हलफनामे में संपत्ति और अन्य जानकारियों को लेकर गलत विवरण देने का आरोप लगाते हुए आपत्ति जताई गई थी। इस पर निर्वाचन अधिकारी विजयलक्ष्मी बिदरी ने स्पष्ट किया कि हलफनामे पर चुनाव के बाद भी कानूनी आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है, इसलिए वर्तमान में उनका आवेदन स्वीकार कर लिया गया है।

मतदान केंद्रों की संख्या में भारी बढ़ोतरी

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के इतिहास में पहली बार मतदान केंद्रों की संख्या में बड़ा इजाफा किया गया है। नागपुर जिले में पिछली बार 139 मतदान केंद्र थे जिन्हें बढ़ाकर अब 246 कर दिया गया है।

पहले एक पोलिंग बूथ पर 1,200 मतदाता वोट डाल सकते थे लेकिन अब यह संख्या प्रति बूथ 650 से 750 मतदाताओं तक सीमित कर दी गई है। पूरे नागपुर संभाग में मतदाताओं की संख्या बढ़ने के कारण अन्य जिलों में भी केंद्र बढ़ाए गए हैं।

Sudhakar Kohale BJP
नागपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का रास्ता साफ, रक्षा मंत्रालय से मिली 27 एकड़ जमीन, 2029 तक भव्य विस्तार

अंतिम चरण में आए 87,794 आवेदन, 1,241 निरस्त

चुनाव के लिए मतदाता पंजीकरण की अंतिम तिथि 26 सितंबर थी जिसमें ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन स्वीकार किए गए। एकमुश्त जमा किए जाने वाले आवेदनों के लिए अधिकतम 30 पफॉर्म की सीमा रखी गई थी।

पंजीकरण के आखिरी 4 दिनों में रिकॉर्ड 87,794 आवेदन प्राप्त हुए। प्रक्रिया के दौरान कुल 96,518 आवेदनों को मंजूरी दी गई, जबकि 1,241 आवेदनों को खारिज कर दिया गया।

ऑनलाइन आवेदन के दौरान सर्वर डाउन होने और दस्तावेज अपलोड करने में आ रहीं तकनीकी समस्याओं को देखते हुए चुनाव विभाग ने नियमानुसार थोक फॉर्म स्वीकार किए, जोनल स्तर पर इन फॉमों की जांच के बाद पात्र-अपात्र की अंतिम सूची वेबसाइट पर जारी की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com