नागपुर गणेश विसर्जन पर पुलिस का तगड़ा बंदोबस्त, 445 कृत्रिम तालाब तैयार, जानें कब तक रहेगी साउंड की छूट

 Nagpur Ganesh Visarjan Rules: नागपुर में गणेश विसर्जन को लेकर पुलिस और मनपा ने व्यापक सुरक्षा खाका तैयार किया है। शहर में 1,702 मंडलों के लिए 445 कृत्रिम तालाबों और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
Nagpur Police Visarjan Security
पुलिस का तगड़ा बंदोबस्तप्रतीकात्मक तस्वीर, सोर्स: AI
Published on
Updated on

Nagpur Police Visarjan Security: नागपुर जिले में गणेशोत्सव के समापन के साथ शहर में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू होगा। बड़ी संख्या में निकलने वाले विसर्जन जुलूस और उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सिटी पुलिस ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है।

शहर के 1,702 गणेश मंडलों की विसर्जन प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आला अधिकारियों ने विसर्जन स्थलों का जायजा लिया। महानगरपालिका के साथ मिलकर पुलिस ने अपने बंदोबस्त का नियोजन किया है।

पुलिस कमिश्नर से लेकर कांस्टेबल तक तैनात रहेंगे

पुलिस कमिश्नर से लेकर पुलिस कांस्टेबल तक सभी बंदोबस्त में तैनात रहेंगे। सहयोग के लिए एसआरपीएफ की एक कंपनी और 1,250 होमगार्ड भी तैनात किए जा रहे हैं। 4 फीट से अधिक ऊंचाई वाली सार्वजनिक गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए तारीख-वार व्यवस्था की गई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 25 को 694, 26 को 650 और 27 सितंबर को 260 बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।

वैसे विसर्जन की प्रक्रिया 30 सितंबर तक जारी रहेगी। शहर में सार्वजनिक गणेश प्रतिमाओं के मुख्य विसर्जन के लिए कोराडी तालाब,गोरेवाड़ा, पुलिस लाइन तालाब और कच्ची विसा को प्रमुख केंद्र बनाया गया है। इन स्थानों पर पुलिस के साथ अन्य संबंधित विभागों की व्यवस्था रहेगी।

छोटी प्रतिमाओं का विसर्जन 445 कृत्रिम तालाबों में

नागपुर जिले में प्रतिमाओं का विसर्जन 4 फुट से कम ऊंचाई वाली गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए शहर में बड़ी संख्या में कृत्रिम तालाब तैयार किए गए हैं।

फुटाला, शुक्रवारी, सक्करदरा और नाईक तालाब समेत करीब 445 कृत्रिम विसर्जन स्थलों पर छोटी प्रतिमाओं के विसर्जन की व्यवस्था रहेगी। इससे बड़े विसर्जन स्थलों पर भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई

नागपुर जिले में विसर्जन जुलूसों के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी। मॉडिफाइड वाहनों, प्रतिबंधित लेजर बीम और नियमों का उल्लंघन करने वाले डीजे सिस्टम पर विशेष नजर रखी जाएगी। पुलिस ने गणेश मंडलों से निर्धारित नियमों का पालन करने और विसर्जन जुलूस को अनुशासित तरीके से निकालने की अपील की है।

सीसीटीवी से नजर, क्राइम ब्रांच की टीमें रहेंगी सक्रिय

विसर्जन मार्गों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी, भीड़भाड़ वाले मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी। पीक ऑवर्स में आवश्यकता के अनुसार यातायात मार्गों में बदलाव और डायवर्जन किया जाएगा।

भीड़ में जेबकतरों और चेन स्नैचरों पर शिकंजा कसने के लिए क्राइम ब्रांच की विशेष टीमें सक्रिय रहेंगी, एंटी-चेन स्नैचिंग, एंटी मोबाइल और एंटी-बैग लिफ्टिंग स्क्वॉड भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और विसर्जन मार्गों पर तैनात रहेंगे, आवश्यकता पड़ने पर स्ट्राइकिंग फोर्स को तत्काल मौके पर भेजा जाएगा।

Nagpur Police Visarjan Security
नागपुर-गड़चिरोली को बड़ी सौगात, 1 नया अपर DM और 15 नए अपर तहसीलदार दफ्तरों को मंजूरी

25 सितंबर को रात 12 बजे तक साउंड की छूट

नागपुर जिले में गणेशोत्सव के समापन के साथ ध्वनि व्यवस्था को लेकर भी समय सीमा तय की गई है। 25 सितंबर को रात 12 बजे तक साउंड सिस्टम की अनुमति रहेगी, जबकि अन्य दिनों में रात 10 बजे तक ही ध्वनि प्रणाली चलाने की अनुमति होगी। निर्धारित समय और ध्वनि संबंधी नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी।

विसर्जन के दौरान किसी भी आपात स्थिति, संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से संबंधित घटना की सूचना पुलिस को तत्काल देने की अपील की गई है। नागपुर सिटी पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर आपातकालीन हेल्पलाइन 112 तथा पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर उपलब्ध हैं।

नागपुर पुलिस ने गणेश मंडलों और नागरिकों से विसर्जन के दौरान पुलिस प्रशासन का सहयोग करने, निर्धारित मार्ग और नियमों का पालन करने और भीड़ में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com