

Nagpur Development Gandhi Sagar Beautification: नागपुर शहर के ऐतिहासिक गांधी सागर तालाब को एक भव्य और आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में महानगरपालिका ने अब ठोस प्रयास शुरू कर दिए हैं।
इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि गांधी सागर तालाब परिसर में स्थापित होने वाले भव्य म्यूजिकल फाउंटेन को देखने आने वाले पर्यटकों व नागरिकों के बैठने के लिए विशेष दर्शक दीर्घा और आसपास के परिसर का सौंदर्याकरण किया जाएगा। इसके लिए करीब 6।52 करोड़ रुपये का प्राक्कलन तैयार किया गया है।
शुक्रवार को स्थायी समिति की होने जा रही बैठक में इस प्राक्कलन को प्रशासनिक मंजूरी देकर टेंडर आमंत्रित करने के प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के नगर विकास विभाग द्वारा मंत्रालय स्तर पर 10 नवंबर 2022 को जारी जीआर के अनुसार 'महानगरपालिका क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का विकास' योजना के तहत गांधी सागर तालाब के सौंदर्याकरण के लिए कुल 49.82 करोड़ रुपये की निधि स्वीकृत की गई थी। इस परियोजना के पहले चरण में तालाब की पूर्व व उत्तर दिशा तथा तालाब के अंदरूनी हिस्से के सौंदर्याकरण का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।
अब परियोजना के दूसरे चरण के अंतर्गत शेष 11.67 करोड रुपये की लागत से विकास कार्य किए जाने है। इस चरण का मुख्य आकर्षण मनमोहक म्यूजिकल फाउंटेन, दर्शकों के बैठने के लिए व्यवस्थित प्रेक्षक गैलरी और संपूर्ण परिसर का लैंडस्केपिंग व सुशोभीकरण होगा।
नागपुर शहर के मनपा के विद्युत विभाग के माध्यम से म्यूजिकल फाउंटेन लगाने की प्रक्रिया जारी है। इस फाउंटेन के शो को सुकून से देखने के लिए पर्यटकों की सुविधा हेतु एक आधुनिक दर्शक दीर्घा का निर्माण किया जाना है।
साथ ही नातिक चौक पाथवे को जोड़ने और आसपास के सिविल निर्माण कार्यों के लिए नियुक्त प्रोजेक्ट कंसल्टेंट 'मेसर्स अमिगो प्रोजेक्ट्स' ने मनपा की स्वीकृत दर सूची के आधार पर 6,52,80,720 रुपये का विस्तृत प्राक्कलन प्रस्तुत किया था।
इस प्रस्ताव को मनपा के मुख्य अभियंता द्वारा तकनीकी मंजूरी पहले ही प्रदान की जा चुकी है।अब इसे अंतिम वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति देकर टेंडर आमंत्रित करने का प्रस्ताव सार्वजनिक स्वास्थ्य व अभियांत्रिकी विभाग के समक्ष रखा गया है। स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी और जल्द ही निर्माण कार्य धरातल पर उतरेगा।