सोलार ग्रुप पर साइबर अटैक का मामला, सरकार ने CBI को सौंपी जांच

electronic bus ticket booking system
Published on: 
Updated on: 

नागपुर. सोलार इंडस्ट्रीज लिमिटेड पर हुए साइबर अटैक प्रकरण की जांच राज्य सरकार ने सीबीआई को सौंप दी है. हाल ही में इस संबंध में सरकार ने अधिसूचना जारी की. ज्ञात हो कि जनवरी महीने में ब्लैककैट और अल्फा नामक हैकरों के ग्रुप ने सोलार इंडस्ट्रीज पर रैनसमवेयर अटैक किया था. सोलार ग्रुप द्वारा रक्षा क्षेत्र के विभिन्न उत्पादन तैयार किए जाते हैं. इस वजह से मामला काफी गंभीर है.

हैकरों ने कंपनी की वेबसाइट और कम्प्यूटर से 2 टीबी डेटा चोरी करने की जानकारी दी थी. इसके अलावा धमकीभरे ईमेल भी भेजे गए थे जिनमें लिंक थी. उस लिंक पर ‘क्लिक’ करके बातचीत करने को कहा गया था. कंपनी ने तुरंत पुलिस और कम्प्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम-इंडिया को शिकायत की. साइबर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया. इसके साथ ही देशभर की सुरक्षा और जांच एजेंसियां काम पर लगी थीं. 3 दिन तक 14 एजेंसियों के अधिकारियों ने शहर में रुककर जांच-पड़ताल की.

रक्षा क्षेत्र से जुड़ा प्रकरण होने के कारण राज्य सरकार भी चाहती थी कि प्रकरण की जांच सीबीआई द्वारा करवाई जाए. आखिर अधिसूचना जारी कर नागपुर पुलिस को प्रकरण सीबीआई को सौंपने के आदेश दिए गए. हालांकि फिलहाल सीबीआई ने केस से जुड़े दस्तावेज नहीं लिए हैं. जल्द ही सीबीआई दिल्ली की टीम इसके लिए नागपुर सकती है.