

Nagpur Raj Bhavan Protest: नागपुर जिला ग्रामीण कांग्रेस और शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से सदर स्थित राजभवन के सामने केंद्र की मोदी सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की कथित अवैध गिरफ्तारी और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान युवाओं पर हुए अमानवीय पुलिस लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की गई।
कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ उग्र नारेबाजी करते हुए देश में लोकतंत्र का गला घोंटना तुरंत बंद करने की मांग की। इस अवसर पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया गया, पुलिस से हाथापायी भी हुई। पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया और अपने साथ ले गए। बाद में इन्हें रिहा कर दिया गया।
जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे युवाओं पर हुए पुलिस अत्याचार की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को संभालते हुए आंदोलनकारियों को हिरासत में लिया और उन्हें सदर पुलिस थाने ले गई। कुछ देर बाद सभी आंदोलनकारियों को रिहा कर दिया गया।
इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व मंत्री सुनील केदार, अश्विन बैस, प्रफुल्ल गुडधे, अशोक धवड़, कुंदा राऊत, रश्मि बर्वे, अवंतिका लेकुरवार, नितिन कुंभलकर, रत्नदीप रंगारी, मिथिलेश कान्हेरे, संजय जगताप, रमेश करेमोर, देवेंद्र गोडबोले, रवि चिखले, आसिफ शेख, गौतम अंबादे, सुहास नानवटकर, मनोज गावंडे, रामाजी उके, शैलेंद्र डोरले, अभिषेक शंभरकर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।