

मकर संक्रांति से पहले नागपुर में पतंगबाजी शुरू, नायलॉन मांजे का खतरा बढ़ा।
प्रतिबंधित मांजे से पहले भी शहर में कई गंभीर और जानलेवा हादसे हो चुके हैं।
संवेदनशील फ्लाईओवरों पर मांजा गार्ड और सेफ्टी रॉड लगाने की मांग।
Headgevar Flyover Nagpur Manja Incident: मकर संक्रांति को अभी 2 महीनों का समय बाकी है लेकिन शहर के आसमान में पतंगबाजी का दौर शुरू हो चुका है। इसी साथ जानलेवा नायलॉन और चाइनीज मांजा का खौफ भी लौट आया है।
बुधवार को शहर के नये और व्यस्त हेडगेवार फ्लाईओवर पर हवा में झूलते धारदार मांजे की चपेट में आने से कुछ दोपहिया वाहन चालक बाल-बाल बच गये। समय पर ब्रेक लगाने से बड़ा हादसा तो टल गया लेकिन इस बात ने चिंता जरूरी खड़ी कर दी कि क्या पुलिस और प्रशासन को अभी से कमर कसनी होगी?
प्रतिबंधित नायलॉन और चाइनीज मांजा इतना मजबूत होता है कि साधारण धागे की तरह टूटता नहीं बल्कि किसी धारदार ब्लेड की तरह काम करता है। हर वर्ष ही इस प्रतिबंधित मांजा के वजह से कई वाहन चालक और पक्षी आदि गंभीर रूप से जख्मी हो जाते हैं।
पिछले कुछ वर्षों में कई बच्चों और लोगों की जान भी जांच चुकी है। ऐसे में इस प्रकार के जानलेवा मांजा के साथ पतंगबाजी केवल शौक नहीं, एक अपराध बन जाता है।
हैरानी की बात ये है कि जब इस मांजा के आयात, भंडारण और बिक्री पर कानूनी प्रतिबंध है तो सप्लाई चेन अब तक सक्रिय क्यों है? केवल छुटपुट विक्रेताओं पर कार्रवाई करने से समाधान नहीं होगा, जब तक कि इसके मुख्य सप्लायर और गोदामों पर शिकंजा नहीं कसा जाता।
फ्लाईओवरों की बनावट और तेज हवाओं के कारण हवा में लटका मांजा सीधे वाहन चालकों के गले के स्तर पर आ जाता है। चालक को जब तक समझ आये तब तक ये मांजा गले को रेतकर गंभीर जख्मी कर देता है।
मांजा गार्ड (सेफ्टी वायर) की अनिवार्यता हेडगेवार फ्लाईओवर, इमामवाड़ा और अन्य व्यस्त पुलों पर दोपहिया वाहनों के आगे 'सेफ्टी रॉड' या मांजा गार्ड लगाना अनिवार्य किया जाए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि मांजा सीधे वाहन चालक के संपर्क में न आए।
सप्लाई चेन पर हो कड़ी चोट अवैध मांजा बेचने वालों पर नजर रखने के लिए विशेष टास्क फोर्स हो और नागरिकों के लिए ऐसी हेल्पलाइन शुरू की जाए जिससे गुप्त सूचना के आधार पर तुरंत छापेमारी की जा सके।
12 जनवरी 2021 (इमामवाड़ा): प्रणय प्रकाश ठाकरे (20-23 वर्ष)
ज्ञानेश्वरनगर निवासी इंजी. छात्र प्रणय अपनी बाइक से जा रहे थे। इमामवाड़ा के पास उनके गले में अचानक नायलॉन मांजा फंस गया जिससे उनकी श्वास नली कट गई और मौके पर ही मौत हो गई।
15 जनवरी 2023 (जरीपटका) : वेद कृष्ण साहू (11 वर्ष)
घटना: 11 वर्षीय वेद अपने पिता के साथ टूव्हीलर पर आगे बैठा था। जरीपटका इलाके में लटकते नायलॉन मांजा से उसकी गर्दन पर गहरा कट लगा और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
08 जनवरी 2021: मानेवाड़ा में बाइक पर जा रहे युवक के गले पर अचानक मांजा फंसा और वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
14 जनवरी 2021 सक्करदरा फ्लाईओवर पर दोपहिया वाहन पर सवार व्यक्ति के गले में मांजा फंसने से श्वास नली कटने की नौबत आ गई।
16 जनवरी 2022 कमाल चौक इंदौरा रोड पर चाइनीज मांजा के कारण कोचिंग से लौट रहे छात्र के चेहरे और होठ कट गये। 12 से ज्यादा टांके लगाने पड़े।
10 जनवरी 2023: केलीबाग रोड महल में अपनी मां के साथ टूव्हीलर पर आगे बैठे 6 वर्ष के बच्चे की गर्दन गंभीर धाव हुआ।
15 जनवरी 2023 बजाजनगर रोड पर ऑफिस से लौट
रही आईटी प्रोफेशनल के हाथ और उंगलियों की नसें पतंग के मांजे को खींचने की कोशिश में बुरी तरह कट गई।
4 जनवरी 2024 : मानकापुर फ्लाईओवर पर बाइक सवार के हेलमेट का बेल्ट कट गया और उसके गले पर गहरा घाव हो गया।
13 जनवरी 2024 : गिट्टीखदान चौक पर लटकते मांजा से बचने के चक्कर में टूव्हीलर सवार अनियंत्रित होकर गिर पड़ा। इससे उसके सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं।
14 जनवरी 2025: जरीपटका में 2 घटनाओं में बाइक सवारों के चेहरे और गले पर मांजा फंसने से दोनों लहूलुहान हो गये।
11 जनवरी 2026: ऑटोमोटिव चौक के पास युवक के कान और गाल पर चाइनीज मांजा से गहरा कट लगा।