नागपुर के कोराडी में आई जगदंबा के दर्शन करेंगे पीएम नरेंद्र मोदी! चंद्रशेखर बावनकुले ने किया आमंत्रित

महाराष्ट्र के नागपुर का कोराडी मंदिर बहुत ही खास और जाना-माना और प्रसिद्ध मंदिर है। इस मंदिर में दर्शन करने के लिए महाराष्ट्र के भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया है।
चंद्रशेखर बावनकुले ने एक्स पर किया पोस्ट
चंद्रशेखर बावनकुले ने प्रधानमंत्री से मुलाकात (सौजन्य-एक्स)
Published on
Updated on

नई दिल्ली: महाराष्ट्र में चुनाव के बाद अब तक सभी मंत्रियों में विभागों का बंटवारा किया जा चुका है। इस दौरान भाजपा के राज्य अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले को राजस्व विभाग दिया गया है। नए साल की शुरुआत से पहले महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष और राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने मंगलवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।

मुलाकात के दौरान चंद्रशेखर बावनकुले ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आशीर्वाद लिया और साथ ही नागपुर में कोराडी में आई जगदंबा के दर्शन के लिए आमंत्रित किया। मुलाकात के दौरान बावनकुले ने प्रधानमंत्री मोदी को कोराडी से देवी महालक्ष्मी जगदंबा की एक लकड़ी की मूर्ति भी भेंट की।

चंद्रशेखर बावनकुले ने एक्स पर किया पोस्ट

बावनकुले ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "हमारे प्रिय प्रधानमंत्री, दूरदर्शी नेता माननीय श्री @narendramodiJi से नई दिल्ली में मिलकर उनका आशीर्वाद लेना सम्मान की बात थी। इस अवसर पर कोराडी से देवी महालक्ष्मी जगदंबा की एक लकड़ी की मूर्ति माननीय प्रधानमंत्री को भेंट की गई।"

उन्होंने कहा, "मैंने उन्हें कोराडी में आई जगदंबा के दर्शन के लिए आमंत्रित भी किया।" बावनकुले ने कहा कि पीएम मोदी ने पार्टी संगठन को मजबूत करने और महाराष्ट्र के शासन को बेहतर बनाने पर "मूल्यवान मार्गदर्शन" प्रदान किया है।

मार्गदर्शन के लिए किया धन्यवाद

उन्होंने कहा, "महाराष्ट्र के लोगों के मजबूत समर्थन से, राज्य में भाजपा-महायुति सरकार फिर से स्थापित हुई है। माननीय मोदी जी ने पार्टी संगठन को मजबूत करने और महाराष्ट्र के शासन को बेहतर बनाने पर मूल्यवान मार्गदर्शन प्रदान किया।"

सरकार के कार्यों को लेकर उन्होंने कहा, "मैंने उन्हें आश्वस्त किया कि महाराष्ट्र सरकार भविष्य में अधिक पारदर्शिता और दक्षता के साथ काम करेगी। माननीय मोदी जी से मिलना और उनका मार्गदर्शन प्राप्त करना हमेशा नई ऊर्जा का स्रोत होता है। आज कोई अपवाद नहीं था।"

गौरतलब है कि हाल ही में हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में, भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की। 280 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा में भाजपा 132 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी, जबकि उसके सहयोगी - एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने 57 और अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी ने 41 सीटें हासिल की।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com