

Nagpur MLC Election Rajiv Potdar BJP Victory: नागपुर विधान परिषद की स्थानीय निकाय नागपुर सीट से भाजपा के उम्मीदवार डॉ. राजीव पोतदार को रिकॉर्ड मतों से विजय मिली। इस जीत के बाद पोतदार समर्थकों सहित भाजपा खेमे जश्न का माहौल है। मतदाताओं के संख्याबल को देखते हुए पोतदार की जीत निश्चित ही थी लेकिन विपक्षी दल कांग्रेस-मविआ के भी जमकर वोट फूटे और बीजेपी के पाले में गए।
इस चुनाव में कांग्रेस ने अपने प्रवक्ता अतुल लोंढे को मैदान में उतारा था उन्हें मात्र 130 वोटों से ही संतुष्ट रहना पड़ा। इस चुनाव में कुल 836 वोट थे जिनमें से 823 ने मतदान किया था। सुबह जिलाधिकारी कार्यालय में 8 बजे वोटों की गिनती शुरू हुई।
लगभग 11 बजे परिणाम सामने आ गया था। 823 में 11 वोट विविध कारणों से अवैध ठहराये गए, कुल 812 वैध मतों में से बीजेपी को 682 वोट मिले और कांग्रेस को 130 वोट प्राप्त हुए। चुनाव पर्यवेक्षक संजय यादव और जिला निर्वाचन अधिकारी कुमार आशीर्वाद की निगरानी में मतगणना शुरू हुई थी। जिलाधिकारी ने पोतदार के विजयी होने की घोषणा की व प्रमाणपत्र दिया।
परिणाम सामने आते ही पोतदार के समर्थकों ने उन्हें कंधों पर उठा लिया। जमकर जश्न मनाया गया। गुलाल उड़ाया गया। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाइयां दी गई। पोतदार ने कहा कि उनकी जीत सुनिश्चित थी। मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सहित सभी वरिष्ठों का आशीर्वाद साथ था। पार्टी के सभी नगरसेवकों की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की निष्ठा के लिए उन्होंने आभार भी माना। उन्होंने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल पर टोला मारते हुए कहा कि भाजपा-महायुति के 583 मतदाताओं ने मुझे मतदान किया लेकिन कुल 682 वोट मिले। कांग्रेस में जमकर क्रॉस वोटिंग हुई और अन्य दलों के लोगों ने भी मेरे पक्ष में मतदान किया। बताते चलें कि पोतदार पहले से ही 650 वोट तक मिलने का दावा कर रहे थे।
भले ही भाजपा नेताओं द्वारा यह दावा किया जा रहा है कि चूंकि उनके पास दो तिहाई से अधिक मत है, इसलिए दूसरी पार्टियों के नगरसेवकों की टूट-फूट से उन्हें कोई लेना-देना नहीं है लेकिन भीतरखाने की मानें तो बीजेपी ने कामठी, उमरेड, हिंगना, बुटीबोरी सहित काटोल नरखेड़ में कांग्रेस सहित मविआ के घटक दलों के नगरसेवकों को अपने पाले में लाने के लिए 'माया के दर्शन' करवाए हैं।
एक दावा तो यह भी है कि शहर कांग्रेस के भी आधे से अधिक नगरसेवकों ने क्रॉस वोटिंग की है। इनकी संख्या 16 होने का दावा भी कुछ कर रहे हैं। समझा जा रहा था कि क्रॉस वोटिंग नहीं होगी क्योंकि पार्टी के वजनदार नेता सुनील केदार ने तो बीजेपी को ही सतर्क रहने की चेतावनी दी थी लेकिन बीजेपी के पक्ष में विपक्षी गठबंधन के 99 वोट अधिक पड़ गए। वह 99 का फेरा लगाने में सफल रही।