बुर्के में थी आयशा, हिजाब खुला तो निकला जावेद; डॉक्टर बनकर मेयो अस्पताल में घूम रहा था युवक

Javed, Ayesha, Mayo Hospital
Published on: 
Updated on: 

नागपुर. मेयो अस्पताल परिसर में बुधवार को एक बड़ा ही रोचक मामला सामने आया. पिछले 20 दिनों से बुर्का पहन एक डॉक्टर मरीजों से बातचीत कर रही थी. इतना ही नहीं, कुछ डॉक्टरों से दोस्ती भी कर ली थी. अस्पताल में तैनात महाराष्ट्र सुरक्षा बल के जवानों को उसकी गतिविधियों पर संदेह हुआ. जब हिजाब खुला तो भीतर से जावेद निकला. तुरंत पुलिस को जानकारी दी गई. तहसील पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में पता चला कि वह समलैंगिक है और पुरुषों से दोस्ती करने के लिए ही अस्पताल में आता था. पकड़ा गया आरोपी बड़ा ताजबाग निवासी जावेद शेख (25) बताया गया.

जावेद पिछले 20 दिनों से बुर्के के ऊपर डॉक्टर का एपरॉन पहनकर मरीजों से मिल रहा था. ज्यादातर पुरुष मरीजों पर ही ध्यान देता था. डॉक्टरों से बातचीत भी करता था. बुर्के में होने के कारण कोई पहचान नहीं पाया कि वह पुरुष है. बुधवार को एमएसएफ के जवानों को उसकी चाल-ढाल पर संदेह हुआ. एमएसएफ की संतोषी नामक महिला कर्मचारी ने जावेद को रोका. पूछताछ में उसने अपना नाम आयशा सिद्दीकी बताया. बुर्का उतारने को कहा तो जवाब मिला कि यहां पुरुष भी मौजूद हैं. हमारे यहां पराये लोगों के सामने बुर्का नहीं खोल जाता. ऐसे में संतोषी अपने सहयोगियों के साथ उसे कमरे में ले गई. वहां बुर्का खोलने पर सभी आश्चर्यचकित रह गए. जावेद हाथ जोड़कर बचाने की मिन्नते करने लगा. तुरंत पुलिस को जानकारी दी गई.

तहसील के सेकंड इंस्पेक्टर विनायक गोल्हे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. जावेद ने बताया कि वह पुरुषों के प्रति आकर्षित होता है. इसीलिए वह परिसर में डॉक्टर बनकर आता था. पुरुष मरीजों और उनके रिश्तेदारों के नंबर लेता था. उसकी आवाज भी बिल्कुल महिलाओं की तरह है. इसीलिए किसी को संदेह भी नहीं होता था.

'माय लव' की आवाज सुनकर पुलिस भी हंसी

पुलिस को जावेद की बात पर यकीन नहीं हुआ. इसीलिए उसके मोबाइल फोन की जांच की गई. 'माय लव' के नाम पर एक नंबर सेव था. पुलिस ने सोचा था कि सामने से किसी महिला की आवाज सुनाई देगी लेकिन सामने से पुरुष की आवाज आई. फोन रिसीव करने वाले ने बताया कि वह जावेद को महिला समझकर ही अब तक प्यार भरी बातें कर रहा था. यह सुनकर पुलिस भी हंस पड़ी.

अधिक पूछताछ करने पर पता चला कि जावेद शादीशुदा है. उसकी इन्हीं हरकतों के कारण पत्नी घर छोड़कर चली गई. जावेद के पास पुलिस को 3 मोबाइल फोन मिले. संदेह है कि उसने मोबाइल फोन चोरी किए हैं. तीनों नंबरों की जांच की जा रही है. इंस्पेक्टर गोल्हे ने बताया कि जावेद के खिलाफ विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. डॉक्टर का एपरॉन पहनकर वह परिसर में घूम रहा था. इस दौरान उसने किसी का उपचार किया या नहीं, इसकी भी जांच होगी. 

Navbharat Live
navbharatlive.com