

नागपुर. पुराने विवाद के चलते लकड़गंज थाना क्षेत्र में रिश्तेदारों ने एक युवक को जान से मारने की कोशिश की. समय रहते बीच-बचाव करने से बड़ी घटना टल गई. पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है. जख्मी सतरंजीपुरा निवासी जफर खान लतीफ खान (30) बताया गया. आरोपियों में अब्दुल खालिद अब्दुल अजीज (50) और उसके बेटे शोबू शेख (23) का समावेश हैं.
पुलिस के अनुसार जफर और खालिद रिश्तेदार है. एक ही इलाके में रहते हैं. दोनों परिवारों के बीच पुराना विवाद चल रहा था. शनिवार की रात जफर घर के समीप अलीम बेकरी के सामने अपने दोस्त मोहम्मद मुजम्मिल के साथ खड़ा था. इसी दौरान खालिद और शोबू वहां आए. उसके साथ गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी. जफर ने विरोध किया तो पिता-पुत्र ने मारपीट शुरू कर दी.
पहले तो शोबू ने चाकू निकालकर उसे मारने का प्रयास किया लेकिन मुजम्मिल ने रोककर चाकू छीन लिया. तभी शोबू ने कमर से माउजर निकाल कर मुजम्मिल पर तान दी. जैसे ही उसने जफर के पेट पर पिस्तौल लगाई उसके दोस्तों ने रोक लिया. मारपीट करके दोनों आरोपी फरार हो गए.
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. खबर मिलते ही लकड़गंज पुलिस मौके पर पहुंची. जफर की शिकायत पर मामला दर्ज कर खालिद को गिरफ्तार कर लिया. शोबू अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है.