जघन्य हत्याकांड के आरोपी धरे गए, तकनीक का उपयोग कर RPF-CIB ने की कार्रवाई

Nagpur Crime
Published on: 
Updated on: 

नागपुर. छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर में जघन्य हत्या और लूट के मामले में फरार 2 आरोपियों को रेलवे सुरक्षा बल की नागपुर पोस्ट और अपराध खुफिया शाखा (सीआईबी) की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर में धर दबोचा. आरोपियों की तलाश के लिए कई बार उनकी लाइव लोकेशन की जांच की गई. आरोपियों के नाम भिलाई निवासी अनुज सीतारमण तिवारी और रजनीश मुन्नालाल पांडे बताए गए. दोनों पर युवक को लूटकर उसकी हत्या करने और लाश को 2 टुकड़ों में काटकर तालाब में फेंकने का आरोप है.

नागपुर स्टेशन मिली पहली लोकेशन

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंद्रपुर आरपीएफ के पीआई केएन राय को दुर्ग शहर के पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मैसेज मिला कि उक्त जघन्य हत्याकांड के दोनों आरोपी भिलाई से ट्रेन में सवार हो भागे हैं. लाइव लोकेशन देखने पर आरोपियों के नागपुर स्टेशन पर होने क पता चला. आनन-फानन में नागपुर सीआईबी और पोस्ट को सूचना दी गई. तुरंत ही टीम बनाकर तलाश शुरू की गई. सभी प्लेटफॉर्म पर तलाशने के बाद भी आरोपी नहीं मिले. ऐसे में उनकी लाइव लोकेशन दोबारा जांची गई. 3 बार जांचने पर लोकेशन स्टेशन के सामने मोबाइल की दूकान पर मिली.

खरीद रहे थे नया मोबाइल-सिम

पीआई नवीन कुमार के नेतृत्व में उक्त मोबाइल की दूकान पर छापेमारी की. उनकी सूचना पर मोबाइल शॉप की फिल्डिंग लगाई गई. दोनों आरोपी नया मोबाइल और नया सिम कार्ड खरीद रहे थे. आरपीएफ टीम को देखकर ही दोनों भागने लगे. करीब 500 मीटर पीछा करके उन्हें धर दबोचा गया. दोनों को लाकर स्टेशन पोस्ट के सुपुर्द कर दिया गया. यह कार्रवाई पीआई नवीन कुमार के मार्गदर्शन में एसएसआई आरके भारती, मुकेश राठौड़, जसवीर सिंह, अजय सिंह, गोवर्धन सवई, डी. कुमरे, एएसआई अश्विन पवार, भूपेन्द्र बाथरी, कपिल झारबडे आदि  ने की. 

Navbharat Live
navbharatlive.com