हत्या के मामले में 2 आरोपी 8 घंटे के भीतर गिरफ्तार

Kalmeshwar Police Station
Published on
Updated on

कलमेश्वर. कलमेश्वर पुलिस थाना अंतर्गत कारली शिवार में कुएं में बुधवार को मिली अज्ञात व्यक्ति की लाश के संबंध में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मृतक की शिनाख्त की तथा 8 घंटे के भीतर ही 2 आरोपियों को धरदबोचा. 

बुधवार को सुबह 10 बजे के करीब पुलिस को वहां पर लाश होने की खबर मिली थी. पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर देखा तो कुएं के पास खून फैला था, वहां पत्थर पर भी खून था. कुएं में देखने पर वहां लाश दिखाई दी. गल डालकर लाश बाहर निकाली गई. शिनाख्त करने पर मृत युवक का नाम प्रकाश रमेश ईटकर, दुर्गधामना, वडार मोहल्ला, वाड़ी निवासी तथा उसकी उम्र करीब 18 से 20 वर्ष बतायी गई. उसके बारे में परिवार के लोगों से पूछताछ करने पर परिवार के लोगों ने अजय ईटकर व सुरेश लष्कर दोनों दुर्गधामना वडार बस्ती वाड़ी निवासी द्वारा हत्या करने का संदेह व्यक्त किया.

इस पर कलमेश्वर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर अजय दशरथ ईटकर (22) को महादुला कोराडी से एवं दूसरे आरोपी सुरेश चिमा लश्कर (23) को भी गिरफ्तार कर लिया. कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना अपराध कबूल कर लिया. पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद, अपर पुलिस अधीक्षक संदीप पखाले, उपविभागीय पुलिस अधिकारी अजय चांदखेड़े के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक यशवंत सोलसे, पुलिस टीम में तेजराम मेश्राम, मन्नान नौरंगाबादे, गणेश मुदमाली, पंकज गाडगे, ललित उईके, राणा सिंह ने इस कार्रवाई में भाग लिया.

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com