निवेश के नाम पर 13.60 लाख की धोखाधड़ी

Fraud, Thagi
File Photo
Published on: 
Updated on: 

नागपुर. शेयर बाजार में पैसा निवेश कर दोगुना मुनाफा कमाने की लालच देकर एक व्यक्ति ने 3 लोगों को 13.60 लाख रुपये का चूना लगा दिया. मानकापुर पुलिस ने श्रीनगर, मानकापुर निवासी रोहित अन्ना गडकरी (34) की शिकायत पर मामला दर्ज किया. आरोपी वृंदावन सिटी, जामठा निवासी भूषण बैनर्जी बताया गया. रोहित के अलावा उसके दोस्त धम्मदीप बोरकर और मोहम्मद अतीक भी ठगी के शिकार हुए. वर्ष 2020 में बोरकर के जरिए ही रोहित की भूषण से पहचान हुई थी.

भूषण ने बताया कि वह शेयर ट्रेडिंग करता है. अलग-अलग कंपनियों के शेयर खरीदने और बेचने पर अच्छा मुनाफा होता है. रोहित ने पहले 50,000 रुपये निवेश किए. शुरुआत में भूषण ने उन्हें मुनाफे के तौर पर कुछ रकम भी दी. विश्वास में लेकर और पैसा निवेश करने को कहा.

रोहित ने कुल 2 लाख, अतीक ने 1 लाख और बोरकर ने 10.60 लाख रुपये निवेश कर दिए. इसके बाद भूषण ने मुनाफा देना बंद कर दिया. रकम लौटाने में टालमटोल करता रहा. आखिर परेशान होकर तीनों ने पुलिस से शिकायत की. पुलिस ने विश्वासघात का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.