मुंबई में वॉकी-टॉकी चोरी का अजीब मामला, बीप से परेशान होकर उठा ले गया आरोपी; 700 CCTV से पकड़ा गया

Mumbai Police News: मुंबई के टू टैंक पुलिस चौकी से वॉकी-टॉकी चुराने वाले मोहम्मद नियाज को अंधेरी से गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने दावा किया कि 'बीप' की आवाज से परेशान होकर उसने चोरी की।
Man arrested for stealing walkie-talkie from Mumbai police outpost
मुंबई पुलिस, प्रतीकात्मक तस्वीरसोर्स- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Mumbai VP Road Police Station Walkie Talkie Theft: मुंबई में पुलिस के वायरलेस सेट की चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। पुलिस ने 26 वर्षीय मोहम्मद नियाज उर्फ फैजान को अंधेरी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर वीपी रोड पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाली टू टैंक पुलिस चौकी से वॉकी-टॉकी चोरी करने का आरोप है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का रहने वाला है और मुंबई में बेघर होकर रेलवे स्टेशनों के आसपास रहता था।

बीप की आवाज से परेशान होने का दावा

पूछताछ के दौरान आरोपी ने वॉकी-टॉकी चोरी करने की एक अलग वजह बताई। उसके अनुसार, वायरलेस सेट से लगातार आने वाली ‘बीप’ की आवाज उसे परेशान कर रही थी, इसलिए उसने उसे वहां से उठा लिया।

हालांकि पुलिस ने उसके इस दावे को जांच का हिस्सा बनाया है और मामले के अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

700 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली

यह घटना 17 सितंबर की बताई जा रही है। मुंबई शहर वीपी रोड पुलिस चौकी में वॉकी-टॉकी चार्जिंग पर रखा हुआ था। मौका पाकर आरोपी कथित तौर पर उसे लेकर फरार हो गया। वायरलेस सेट गायब होने के बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

आरोपी की पहचान और उसके भागने के रास्ते का पता लगाने के लिए पुलिस ने आसपास के इलाकों के करीब 700 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसके मूवमेंट को ट्रैक किया और जांच आखिरकार अंधेरी रेलवे स्टेशन तक पहुंची।

Man arrested for stealing walkie-talkie from Mumbai police outpost
नवी मुंबई में KTLR परियोजना की सुरंगों का काम पूरा, जुड़वां टनलिंग ब्रेकथ्रू से 10 मिनट में पूरा होगा सफर

चोरी का वॉकी-टॉकी बरामद

पुलिस ने अंधेरी रेलवे स्टेशन से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी हुआ वॉकी-टॉकी भी बरामद कर लिया गया है।

स्वास्थ्य संबंधी समस्या की भी जांच

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के व्यवहार को देखते हुए उसके किसी मानसिक या अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्या से जूझने की संभावना की भी जांच की जा रही है। हालांकि, अभी इस संबंध में कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या वह पहले भी इस तरह की किसी अन्य घटना में शामिल रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com