

मुंबई: मुंबई-एमएमआर (Mumbai-MMR) में संसाधनों के विकास में कार्यरत एमएमआरडीए (MMRDA) को वर्ष 2023-24 के लिए 23,689 करोड़ रुपए से ज्यादा निधि उपलब्ध कराई जाएगी। ऐसा निर्णय मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण की 154वीं बैठक में लिया गया। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Chief Minister Eknath Shinde) और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Deputy Chief Minister Devendra Fadnavis) की अध्यक्षता में हुई बैठक में वर्सोवा-विरार (Versova-Virar) के बीच 42 किमी समुद्री पुल परियोजना को प्राथमिक मंजूरी के साथ ठाणे-बोरीवली टनेल और मुंबई महानगर क्षेत्र के शहरी क्षेत्रों में यातायात की भीड़ को कम करने के लिए कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को मंजूरी दी गई।
मुंबई महानगर क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था में सुधार, यात्रा की भीड़ और समय को कम करने के साथ ईंधन की बचत के लिए बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में बदलाव के लिए 'मुंबई आई' परियोजना शुरू की जाएगी।
एमएमआरडीए आयुक्त एसवीआर श्रीनिवास के अनुसार, इस परियोजना के कार्यान्वयन से मुंबई के साथ-साथ महाराष्ट्र के पर्यटन क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलेगा। मुंबई को लंदन और सिंगापुर की श्रेणी में स्थान दिलाने बांद्रा रिक्लेमेशन में 'मुंबई आई' परियोजना के निर्माण के लिए तकनीकी-व्यवहार्यता अध्ययन के साथ-साथ परियोजना के निर्माण के लिए एक डेवलपर की नियुक्ति और परियोजना कार्यान्वयन एजेंसी को नियुक्त करने का निर्णय लिया गया है।