कुंठा से भरे राहुल गांधी...लगातार हार पर संजय निरुपम ने कसा तंज, बोले- ये है कांग्रेस का असली चरित्र

Sanjay Nirupam: शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कांग्रेस और राहुल गांधी के वोटर अधिकार यात्रा पर का तीखा हमला बोला है। उन्होंने राहुल गांधी के अभद्र भाषा के प्रयोग को निंदनीय बताया।
Sanjay Nirupam: शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कांग्रेस और राहुल गांधी के वोटर अधिकार यात्रा पर का तीखा हमला बोला है। उन्होंने राहुल गांधी के अभद्र भाषा के प्रयोग को निंदनीय बताया।
राहुल गांधी और संजय निरुपम (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Maharashtra Politics: शिवसेना प्रवक्ता संजय निरुपम ने 'वोटर अधिकार यात्रा' के दौरान कांग्रेस और राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई अशोभनीय टिप्पणियों को लेकर उन पर तीखा हमला बोला है। निरुपम ने इन टिप्पणियों को अस्वीकार्य बताते हुए इसे 'कांग्रेस का असली चरित्र' करार दिया। उन्होंने कहा कि लगातार हार से कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी कुंठित हो गए हैं।

संजय निरुपम ने मुंबई में मीडिया से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी और उनके समर्थकों की लगातार हार ने उन्हें कुंठा से भर दिया है, जिसके चलते वे प्रधानमंत्री, मंत्रियों और संवैधानिक संस्थाओं पर अपमानजनक टिप्पणियां कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश के सर्वोच्च नेता हैं और उनके खिलाफ इस तरह की अभद्र भाषा का प्रयोग निंदनीय और पूरी तरह से अस्वीकार्य है। निरुपम ने जोर देकर कहा कि इस तरह की भाषा लोकतंत्र की गरिमा को ठेस पहुंचाती है और इसे तत्काल रोका जाना चाहिए।

विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा पर भी रखी राय

संजय निरुपम ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए भारत की विदेश नीति और सुरक्षा के मुद्दों पर भी सरकार का समर्थन किया। उन्होंने कश्मीर के पहलगाम में हुए हमले के बाद शुरू किए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह आतंकवाद को जड़ से खत्म करने का एक ठोस कदम है और प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि यह ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा, जब तक आतंकवाद पूरी तरह से समाप्त नहीं हो जाता। उन्होंने कहा कि भारत की सुरक्षा सर्वोपरि है और हमारी सेना तथा सरकार आतंकवादियों को करारा जवाब देने के लिए पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध हैं। निरुपम ने भारत-जापान संबंधों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जापान के साथ भारत के रिश्ते और मजबूत हुए हैं। उन्होंने हाल ही में आयोजित भारत-जापान शिखर सम्मेलन का जिक्र करते हुए कहा कि यह सहयोग भविष्य में दोनों देशों की अर्थव्यवस्था और कूटनीति को और सशक्त बनाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री की आगामी एससीओ बैठक में भागीदारी को भारत की वैश्विक कूटनीति को मजबूती देने वाला कदम बताया।

अमेरिकी टैरिफ को बताया 'आत्मघाती', स्वदेशी का आह्वान

संजय निरुपम ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर लगाए गए 50 प्रतिशत टैरिफ के फैसले पर भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने इस फैसले को अमेरिका के लिए 'आत्मघाती' करार दिया और कहा कि इससे अमेरिका को ही नुकसान होगा। निरुपम ने इस चुनौती को भारत के लिए एक अवसर बताया।

उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी की स्वदेशी अपनाने की अपील को अपनाकर हम अपनी जरूरतें स्वदेशी उत्पादों से पूरी कर सकते हैं। हमें इस फैसले से घबराने के बजाय इसे आत्मनिर्भर बनने के अवसर के रूप में देखना चाहिए।" उन्होंने कहा कि भारत को अपनी आर्थिक और सामरिक ताकत बढ़ाने के लिए एकजुट होकर स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के रास्ते पर चलना होगा।

संजय निरुपम का यह बयान दर्शाता है कि शिवसेना (शिंदे गुट) भाजपा के प्रति पूरी तरह से निष्ठावान है और वह सरकार की नीतियों और फैसलों का खुलकर बचाव कर रही है, वहीं विपक्ष के राजनीतिक व्यवहार की आलोचना भी कर रही है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com