महाराष्ट्र की सियासत में फिर आएगा भूचाल! कैबिनेट बैठक छोड़ शरद पवार से बंद कमरे में मिले एकनाथ शिंदे

Sharad Pawar Eknath Shinde Meeting: विनोद तावड़े के बाद अब शरद पवार और एकनाथ शिंदे की गुप्त मुलाकात ने महाराष्ट्र की राजनीति में नया सस्पेंस पैदा कर दिया है। जानें कब और कहां हुई ये मुलाकात।
Sharad Pawar Eknath Shinde Secret Meeting:
शरद पवार का स्वागत करते एकनाथ शिंदे (सोर्स: एक्स@mieknathshinde)
Published on
Updated on

Sharad Pawar Eknath Shinde Secret Meeting: बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक जयंत पाटिल के साथ मुलाकात का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि शरद पवार और महाराष्ट्र के उपमुख्यमत्री एकनाथ शिंदे की मुलाकात ने राज्य की सियासत में नई बहस छेड़ दी है। उद्धव ठाकरे गुट में टूट के बाद हुई इस मुलाकात से राज्य में तरह-तरह की अटकलें तेज हो गई है।

कैबिनेट की बैठक छोड़ शरद पवार से मिले एकनाथ शिंदे

यह सारा राजनीतिक खरमंडल बुधवार को विधान भवन में हुआ। शरद पवार अपनी पार्टी के विधायकों के साथ उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मिलने पहुंचे थे। इस बीच डिप्टी सीएम शिंदे कैबिनेट की बैठक छोड़कर शरद पवार से मिलने पहुंचे और दोनों के बीच बंद कमरे में बातचीत हुई।

विनोद तावड़े और जयंत पाटिल की मुलाकात को लेकर शरद पवार की पार्टी का महायुति और एनडीए गठबंधन में शामिल होने का मुद्दा छाया हुआ है। इस बीच बुधवार को शरद पवार विधान भवन पहुंचे। वे पार्टी विधायकों के साथ डीसीएम शिंदे से मिलने उनके कार्यालय पहुंचे। शरद पवार के साथ विधायक जितेंद्र आव्हाड, जयंत पाटिल, उत्तम जानकर, रोहित पाटिल, अभिजीत पाटिल मौजूद थे।

दोनों के बीच क्या हुई बात?

बुधवार को मानसून सत्र के अलावा कैबिनेट बैठक भी थी। सूचना मिलते ही डीसीएम शिंदे कैबिनेट की बैठक छोड़कर सीधे शरद पवार से मिलने पहुंचे। दोनों ने एक दूसरे से कुछ चर्चा की, इसके बाद शिंदे कैबिनेट की बैठक में शामिल होने के लिए निकल गए। दोनों के बीच क्या बातचीत हुई, यह अभी सामने नहीं आ सका है लेकिन राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।

सीमा विवाद की बैठक में पहुंचे थे पवार

विधान भवन में आयोजित महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद को लेकर हाई लेवल कमेटी की बैठक में शरद पवार पहुंचे थे। यह बैठक खत्म होने के बाद शरद पवार एकनाथ शिंदे से मिलने उनके ऑफिस पहुंचे। शिंदे ने शरद पवार का स्वागत किया। इस बीच शरद पवार ने पार्टी विधायकों के साथ भी चर्चा की। वर्तमान में शरद पवार गुट के 8 सांसद और 10 विधायक हैं।

बता दें कि पिछले दिनों महाराष्ट्र में ऑपरेशन टाइगर की चर्चा जाेरों पर रही। उद्धव ठाकरे गुट के 6 सांसद पाला बदलकर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए। इसके बाद से महाराष्ट्र के सियासी गलियारों में शरद पवार की पार्टी में टूट की अटकलें लगाई जा रही थी। इस बीच शरद पवार और एकनाथ शिंदे की मुलाकात ने फिर एक बार चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com