

Sanjay Raut On Pradeep Purnekar Murder Case: महाराष्ट्र की राजनीति में प्रदीप पूर्णेकर हत्याकांड को लेकर राजनीति गरमा गई है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट के नेता और सांसद संजय राउत ने इस मामले को लेकर एकनाथ शिंदे गुट और राज्य सरकार पर आक्रामक हमला बोला है। मीडिया से बातचीत करते हुए राउत ने कहा कि यह कोई सामान्य अपराध नहीं, बल्कि एक सोची-समझी राजनीतिक साजिश के तहत की गई हत्या है।
संजय राउत तीखे अंदाज में शिंदे गुट पर प्रहार करते हुए कहा कि आप खुद को बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा का वारिस बताते हैं, उनकी तस्वीरें लगाते हैं और हर मंच से उनका नाम लेते हैं। राउत ने अपशब्द का इस्तेमाल करते हुए कहा कि तुम कैसे बालासाहेब के वारिस हो सकते हो? एक युवा कार्यकर्ता की निर्मम हत्या कर दी जाती है और उसका पूरा परिवार बेसहारा हो जाता है।
इसके बावजूद आप आरोपियों को पार्टी से बाहर निकालने का नैतिक साहस तक नहीं दिखा पा रहे हैं। अगर आज बालासाहेब ठाकरे होते और उन्होंने वह विवादित ऑडियो क्लिप सुनी होती, तो वे उस 'लेडी डॉन' को तुरंत पार्टी से बेदखल कर देते।
बता दें कि संजय राउत ने लेडी डॉन शब्द का इस्तेमाल ठाणे की पूर्व मेयर मीनाक्षी शिंदे के लिए किया। उद्धव ठाकरे गुट ने पूर्व मेयर मीनाक्षी शिंदे और उनके पति पर प्रदीप पूर्णेकर की हत्या की साजिश का आरोप लगाया है।
राज्य सरकार द्वारा इस मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) पर प्रतिक्रिया देते हुए राउत ने कहा कि SIT का गठन स्वागत योग्य है, लेकिन जांच तभी सार्थक होगी जब वह बिना किसी राजनीतिक दबाव के पारदर्शी तरीके से की जाए।
संजय राउत ने आरोप लगाते हुए पूछा कि यदि SIT में ठाणे के ही अधिकारियों को शामिल किया गया है, तो जांच निष्पक्ष कैसे हो सकती है? उन्होंने दावा किया कि कुछ पुलिस अधिकारी पिछले 12 सालों से एक ही पद पर बने हुए हैं और वे खास लोगों के राजनीतिक एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं।
महाराष्ट्र के मुख्यंत्री और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस पर सवाल दागते हुए संजय राउत ने पूछा कि ऐसे पक्षपाती अधिकारियों की मौजूदगी में सही जांच की गारंटी कैसे दी जा सकती है?
संजय राउत ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक ऑडियो क्लिप का जिक्र करते हुए कहा कि 'लेडी डॉन' (मीनाक्षी शिंदे) सरेआम लोगों के घरों में गुंडे भेजने और पुलिस कमिश्नर (CP) के नाम पर धमकियां देने का काम कर रही है। राउत ने मांग की कि पुलिस कमिश्नर के नाम का दुरुपयोग करने और धमकी देने के आरोप में इस महिला को तुरंत गिरफ्तार कर हथकड़ी पहनाई जानी चाहिए।
संजय राउत ने आशंका जताई कि असली मास्टरमाइंड को बचाने के लिए नई मनगढ़ंत कहानियां गढ़ी जा सकती हैं, लेकिन जनता और ठाकरे गुट इस मामले को किसी भी हाल में दबने नहीं देगा।