

Sanjay Gaikwad Threat Case News: उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना के विधायक संजय गायकवाड की मुश्किलें बढ़ने के संकेत मिले है। कोर्ट ने 'शिवाजी कोण होता?' पुस्तक के प्रकाशक प्रशांत आंबी को फोन पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस को जांच की अनुमति दे दी।
इस अदालती आदेश के बाद गायकवाड और शिंदे गुट दोनों के लिए राजनीतिक असहजता पैदा हो गई है। प्रकाशक की शिकायत पर कोल्हापुर की राजारामपुरी पुलिस ने कोर्ट से जांच की मंजूरी मांगी थी।
इस पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक संजय गायकवाड ने कहा कि वे अदालत के फैसले का सम्मान करते हुए पुलिस जांच में पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान और उनके नाम का आपत्तिजनक ढंग से उल्लेख किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।
गायकवाड ने बताया कि उक्त पुस्तक में 135 बार महाराज का अपमान किया गया है। हालांकि, उन्होंने गाली-गलौज के लिए खेद भी व्यक्त की, लेकिन साथ ही आगामी विधानसभा सत्र में इस पुस्तक पर प्रतिबंध लगाने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मांग करने की बात दोहराई।
इस बीच प्रकाशक प्रशांत आंबी ने आरोप लगाया है कि गायकवाड के समर्थक उन्हें लगातार धमकी दे रहे हैं और महीने भर में 100 से अधिक फोन आ चुके हैं। इस पर विधायक ने कहा कि पूरे महाराष्ट्र में उनके समर्थक हैं, यदि उनकी भावनाएं आहत हुई हैं तो वे कुछ नहीं कर सकते। इसके अलावा, गायकवाड ने राज्य में ईंधन की कमी की अफवाहों को खारिज करते हुए इसे वैश्विक युद्ध की स्थिति का परिणाम बताया और किसानों से साठेबाजी न करने तथा पीएम मोदी के आह्वान के अनुसार प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की।