

Mumbai News : महाराष्ट्र के मुंबई से सटे कल्याण शहर के नांदिवली इलाके में हिंसा की एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। नांदिवली इलाके में स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में मारपीट की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक रिसेप्शनिस्ट लड़की को डॉक्टर से मिलने से रोकने पर एक व्यक्ति ने बेरहमी से पीटा। ये पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे आरोपी ने लड़की के बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया। यह घटना उस समय हुई जब अस्पताल के डॉक्टर मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (MR) के साथ एक जरूरी मीटिंग में व्यस्त थे। तब रिसेप्शनिस्ट लड़की से कहा गया कि वह मरीजों को थोड़ी देर मीटिंग खत्म होने तक इंतजार करने के लिए कहे और उसके बाद मरीजों को भेजे।
इसी बीच, गोपाल झा नामक एक व्यक्ति एक मरीज को लेकर डॉक्टर से मिलने पहुंचा। गोपाल झा ने डॉक्टर से तुरंत मिलने की जिद की। रिसेप्शनिस्ट लड़की ने उसे बार-बार समझाया की उन्हें थोड़ा इंतजार करना होगा और बैठने का अनुरोध किया, लेकिन गोपाल झा रिसेप्शनिस्ट पर भड़क गया। उसने अपना आपा खो दिया और लड़की की पिटाई शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि कैसे आरोपी ने लड़की के बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया। इस दौरान उसने उसे कई बार हाथ और पैरों से पीटा और हमला किया। यह देख आसपास के लोग भी हैरान रह गए और कुछ देर तक कुछ नहीं कर सकें। यह दृश्य बेहद भयावह और मानवता को शर्मसार करने वाला है।
मुंबई की इस घटना के बाद अस्पताल कर्मचारियों और प्रबंधन में दहशत फैल गई है। पीड़िता ने मानपाड़ा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया। पीड़िता की शिकायत के आधार पर मानपाड़ा पुलिस स्टेशन में गोपाल झा के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर खंगाला और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कहा कि आरोपी को जल्द-से-जल्द पकड़ लिया जाएगा और उस पर सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।