राजस्थान प्रेस क्लब चुनाव: कुमार महादेव व्यास चुने गए अध्यक्ष, देखें नई कार्यकारिणी की लिस्ट

Rajasthan Press Club: मुंबई में राजस्थान प्रेस क्लब के चुनाव में वरिष्ठ पत्रकार कुमार महादेव व्यास सर्वसम्मति से नए अध्यक्ष चुने गए। नई कार्यकारिणी के गठन के साथ तीन वर्षों का लेखा-जोखा पेश हुआ।
rajasthan press club election
राजस्थान प्रेस क्लब चुनाव: कुमार महादेव व्यास चुने गए अध्यक्ष
Updated on

Rajasthan Press Club Election: मुंबई महानगर के राजस्थानी प्रवासी पत्रकारों की प्रतिनिधि संस्था राजस्थान प्रेस क्लब की वार्षिक साधारण आम सभा होटल आदर्श पैलेस में आयोजित हुई। वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल पूरा होने के बाद आयोजित चुनाव में वरिष्ठ पत्रकार कुमार महादेव व्यास को सर्वसम्मति से क्लब का नया अध्यक्ष चुना गया। राजस्थान सूचना केंद्र प्रभारी एवं सहायक निदेशक ऋतु सोढ़ी तथा संस्थापक एवं चुनाव अधिकारी जगदीश पुरोहित के निर्देशन में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई।

नई कार्यकारिणी का गठन

चुनाव में इन पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से चयन किया गया-

  • अध्यक्ष: कुमार महादेव व्यास
  • कार्यकारी अध्यक्ष: व्यास कुमार रावल
  • सचिव: ललित शक्ति
  • कोषाध्यक्ष: रमेश काबरा
  • संयुक्त सचिव: हरीश राजावत

कार्यकारिणी सदस्य: राहुल पारीक, जितेंद्र सिंह राठौड़, सुरेश भंसाली, ज्योति मुनौत, मनीष पालीवाल, डॉ. प्रकाश सोनी और श्रीमती विद्या उत्तम शाह।

तीन वर्षों की गतिविधियों का लेखा-जोखा

सभा की शुरुआत अध्यक्ष कन्हैयालाल खंडेलवाल के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने राजस्थान प्रेस क्लब की स्थापना के उद्देश्य और संगठन की भूमिका पर प्रकाश डाला। सचिव व्यास कुमार रावल ने पिछले तीन वर्षों की गतिविधियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया, जबकि कोषाध्यक्ष दिनेश्वर माली ने वार्षिक आय-व्यय का लेखा-जोखा रखा, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया।

वरिष्ठ पत्रकारों ने रखे विचार

पूर्व अध्यक्ष नीरज दवे ने कहा कि मुंबई में राजस्थानी प्रवासी पत्रकारों के बीच आपसी सौहार्द और सकारात्मक सहयोग सामाजिक समरसता का प्रतीक है। वरिष्ठ मीडिया विशेषज्ञ निरंजन परिहार ने पत्रकार संगठनों की कार्यप्रणाली, नीतियों और भविष्य की चुनौतियों पर अपने विचार साझा किए। राजस्थान सूचना केंद्र की सहायक आयुक्त ऋतु सोढ़ी ने पत्रकारों से राजस्थान सरकार की विकास योजनाओं को प्रवासी राजस्थानियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

नए अध्यक्ष ने जताया आभार

नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुमार महादेव व्यास ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी साथियों के सहयोग से राजस्थान प्रेस क्लब को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेंगे। सभा के दौरान राजस्थानी प्रवासी समाज के दिवंगत नेता राज के. पुरोहित को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई तथा समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री मंत्र के उच्चारण के साथ हुआ।

Navbharat Live
navbharatlive.com