BMC Election 2026: राज ठाकरे ने साफ किया रुख, भाजपा के साथ नहीं जाएगी मनसे

Raj Thackeray On BJP Alliance: मुंबई मनपा में महापौर चुनाव से पहले मनसे के समर्थन की अटकलों को राज ठाकरे ने खारिज कर दिया है। उन्होंने दो टूक कहा कि मनसे भाजपा के साथ नहीं जाएगी।
Raj Thackeray On MNS-BJP Alliance
Raj Thackeray On MNS-BJP Alliance (फोटो क्रेडिट-इंस्टाग्राम)
Published on
Updated on

Mumbai Mayor Elections: मुंबई महानगरपालिका में महापौर पद के चुनाव को लेकर चल रही सियासी हलचल के बीच मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने भाजपा को लेकर फैल रही चर्चाओं पर विराम लगा दिया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना भाजपा के साथ नहीं जाएगी।

बांद्रा-पूर्व स्थित एमआईजी क्लब में मनसे पदाधिकारियों की बैठक के बाद जब पत्रकारों ने राज ठाकरे से पूछा कि क्या मनसे भाजपा को समर्थन देगी, तो उन्होंने बिना किसी हिचक के इनकार कर दिया। दोबारा सवाल पूछे जाने पर भी उन्होंने दोहराया, “मैं कह रहा हूं न, भाजपा के साथ नहीं जा रहे।”

महायुति के सीट गणित पर असर

फिलहाल महायुति के पास 121 सीटें हैं और भाजपा अतिरिक्त समर्थन जुटाने की कोशिशों में लगी हुई थी। इसी कड़ी में मनसे के समर्थन की अटकलें तेज थीं। शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता राहुल शेवाले ने भी बयान दिया था कि अगर मनसे महायुति को समर्थन देती है तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी। हालांकि, राज ठाकरे के बयान के बाद इन संभावनाओं पर पानी फिर गया है।

यूबीटी शिवसेना से नाराज दिखे मनसे नगरसेवक

बैठक के दौरान मनसे के नगरसेवक शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे (यूबीटी) गुट से नाराज नजर आए। उनका आरोप था कि मुंबई महापालिका चुनाव के दौरान यूबीटी नेताओं ने मनसे को अपेक्षित सहयोग नहीं दिया।

वोट ट्रांसफर को लेकर आरोप

मनसे नेताओं का कहना है कि चुनाव में मनसे के वोट यूबीटी उम्मीदवारों को मिले, लेकिन बदले में मनसे उम्मीदवारों को यूबीटी का समर्थन नहीं मिला। गौरतलब है कि शिवसेना यूबीटी ने 150 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिनमें से 65 सीटों पर जीत दर्ज की।

मनपा राजनीति में बढ़ेगी खींचतान

राज ठाकरे के इस स्पष्ट रुख के बाद मुंबई मनपा की राजनीति और ज्यादा रोचक हो गई है। आने वाले दिनों में महापौर चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच जोड़-तोड़ और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com