Draupadi Murmu: मुंबई पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, RBI के स्थापना दिवस समारोह में होंगी शामिल

भारतीय रिजर्व बैंक का 90वां स्थापना दिवस मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मुख्य उपस्थिति में मनाया जाएगा। इस उपलक्ष्य में राष्ट्रपति मुर्मू एक दिवसीय दौरे पर सोमवार को मुंबई पहुंचीं।
मुंबई पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, RBI के स्थापना दिवस समरोह में होंगी शामिल
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत करते राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे (सोर्स: एक्स@rashtrapatibhvn)
Published on: 
Updated on: 

मुंबई: भारतीय रिजर्व बैंक का 90वां स्थापना दिवस मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मुख्य उपस्थिति में मनाया जाएगा। इस उपलक्ष्य में राष्ट्रपति मुर्मू एक दिवसीय दौरे पर सोमवार को मुंबई पहुंचीं। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया।

स्वागत समारोह में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, पर्यटन एवं खाद्य मंत्री शंभूराज देसाई, मुख्य सचिव सुजाता सौनिक, पुलिस महानिदेशक रश्मि शुक्ला और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। बाद में राष्ट्रपति मुर्मू राजभवन के लिए रवाना हुईं।

राज्यपाल ने किया स्वागत

महाराष्ट्र के राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आधिकारिक यात्रा पर मुंबई पहुंचने पर मुंबई स्थित राजभवन में उनका स्वागत किया। इस दौरान राज्यपाल राधाकृष्णन ने राष्ट्रपति को छत्रपति शिवाजी महाराज की एक तस्वीर भेंट की।

मंगलवार यानी 1 अप्रैल को भारतीय रिजर्व बैंक के स्थापना दिवस समारोह में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवन फडणवीस और आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा शामिल होंगे। इस अवसर पर आरबीआई के गवर्नर अपना स्वागत भाषण देंगे साथ ही आरबीआई के पिछले 90 सालों के कामकाज को याद करेंगे।

राज्यपाल ने मर्चेंट नेवी सप्ताह का किया उद्घाटन

इससे पहले मुंबई में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन की मुख्य उपस्थिति में आज 62वें राष्ट्रीय समुद्री दिवस और मर्चेंट नेवी सप्ताह का उद्घाटन राजभवन में हुआ। इस अवसर पर, शिपिंग महानिदेशक श्याम जगन्नाथन ने राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन के जैकेट पर राष्ट्रीय समुद्री दिवस ध्वज की प्रतिकृति लगाई और एक स्मृति चिन्ह व एक कॉफी टेबल बुक भेंट की। महाराष्ट्र की अन्य खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

छत्रपति शिवाजी महाराज ने नौसेना के महत्व को पहचाना: राज्यपाल

राज्यपाल ने कहा कि शताब्दियों पहले, समुद्री व्यापार क्षेत्र में भारत का बहुत प्रभुत्व था। सम्राट राजेंद्र चोल के पास एक शक्तिशाली नौसेना थी और अपने काल में उन्होंने इंडोनेशिया, कंबोडिया, थाईलैंड, लाओस, बर्मा आदि देशों में व्यापार का विस्तार किया। छत्रपति शिवाजी महाराज ने नौसेना के महत्व को पहचाना और एक मजबूत नौसेना का निर्माण किया।

Navbharat Live
navbharatlive.com