Mumbai: कल्याण-डोंबिवली में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 350 असामाजिक तत्व गिरफ्तार

Mumbai: Kalyan-Dombivli में अपराधियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई की गई है। डीसीपी अतुल झेंडे के नेतृत्व में रातभर कॉम्बिंग ऑपरेशन चला है। 350 असामाजिक तत्वों की गिरफ्तारी से इलाके में हड़कंप मच गया।
मुंबई पुलिस (pic credit; social media)
मुंबई पुलिस (pic credit; social media)
Published on: 
Updated on: 

Mumbai Police In Action Mode: कल्याण-डोंबिवली क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से गुंडागर्दी की घटनाएं व असामाजिक तत्वों की गतिविधियों में तेजी आई है। जिस पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस उपायुक्त अतुल झेंडे के नेतृत्व में शनिवार को रात शहर में रातभर कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया गया।

पुलिस की कार्रवाई में 350 से अधिक असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया गया। झेंडे की मौजूदगी में ही सड़क पर पाये गए नशेड़ियों से उठक-बैठक कराया गया। पुलिस के इस कॉम्बिंग ऑपरेशन से अपराधियों में दहशत का माहौल है।

पिछले कुछ समय से कल्याण-डोंबिवली में सड़क पर उत्पात मचाना, नशे में धुत होकर लोगों से मारपीट करना, अवैध रिक्शा चालकों की मनमानी और नशेड़ियों के कारण नागरिकों को हो रही परेशानी ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी थी।

इस बढ़ती अपराधी प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए कल्याण पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए शनिवार रात व्यापक कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। उपायुक्त अतुल झेंडे के नेतृत्व में चलाये गए विशेष अभियान के तहत कल्याण और डोंबिवली के सभी प्रमुख चौराहों, संवेदनशील इलाकों एवं संदिग्ध स्थानों की सघन जांच की गई।

कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए की गई कार्रवाई

इस दौरान पुलिस की टीम ने अपराधियों और गुंडे तत्वों पर नकेल कसते हुए कई कार्रवाई की। ऑपरेशन में कुल 240 पुलिसकर्मी शामिल थे, जिनमें 17 पुलिस निरीक्षक, 40 सहायक निरीक्षक और उपनिरीक्षक, 236 पुरुष पुलिसकर्मी तथा 18 महिला पुलिस कर्मियों का समावेश था। रात 9 बजे से लेकर आधी रात तक चले इस अभियान के दौरान परिमंडल-3 (कल्याण क्षेत्र) में कई जगहों पर एक साथ कार्रवाई की गई।

इस कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने मकोका (MCOCA) के तहत 21 कार्रवाई, कोप्ता (COTPA) के तहत 32 कार्रवाई, प्रोहिबिशन एक्ट के तहत 11 कार्रवाई, ड्रंक एंड ड्राइव के तहत 6 कार्रवाई की। इसके साथ ही लॉज, होटल, बार की चेकिंग, तड़ीपार और फरार आरोपी, हिस्ट्रीशीटर गुंडे, दारूबंदी, जुआरियों तथा बिना कारण सड़कों पर घूमने वालों पर भी कार्रवाई की गई।

पुलिस उपायुक्त अतुल झेंडे ने बताया कि यह अभियान अपराधियों में भय उत्पन्न करने और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से चलाया गया। आने वाले दिनों में ऐसे ऑपरेशन और अधिक सख्ती से जारी रहेंगे ताकि कल्याण-डोंबिवली में शांति और सुरक्षा बनी रहे।