गणेशोत्सव को लेकर नवी मुंबई पुलिस अलर्ट, एक मंडल-एक पुलिसकर्मी योजना लागू; 1.01 लाख मूर्तियों की स्थापना

Navi Mumbai Ganeshotsav: नवी मुंबई में 1,01,356 गणेश प्रतिमाओं की स्थापना को लेकर पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। 'एक मंडल-एक पुलिस कर्मचारी' योजना के साथ सीसीटीवी से निगरानी रखी जाएगी।
Navi Mumbai Police on alert for Ganeshotsav; 'One Mandal, One Policeman' scheme implemented
नवी मुंबई पुलिस सुरक्षा गणेशोत्सव सोर्स- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Navi Mumbai Police Security Ganeshotsav: नवी मुंबई एवं रायगढ़ जिले के पनवेल महानगरपालिका क्षेत्र में गणेशोत्सव निर्विघ्न, सुरक्षित और आनंदमय माहौल में संपन्न कराने को लेकर नवी मुंबई पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है। नवी मुंबई पुलिस आयुक्तालय की तरफ से शहर में कड़ा बंदोबस्त तैनात किया गया है।

इस वर्ष के उत्सव की मुख्य विशेषता 'एक मंडल-एक पुलिस कर्मचारी' की विशेष योजना को लागू करना है। पुलिस ने गणेश भक्तों से नियमों का पालन करने की अपील भी की है। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए पुलिस तथा महानगरपालिका की तरफ से सभी गणेश मूर्ति विसर्जन घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा, गणेश विसर्जन शोभायात्रा पर निगरानी रखने के लिए विशेष कैमरों की व्यवस्था की गई है।

1,01,356 गणेश मूर्तियों की स्थापना

नवी मुंबई पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में इस साल 1,000 सार्वजनिक एवं 1,00,356 निजी, यानी कुल 1,01,356 गणेश मूर्तियों की स्थापना की जानी है। वाशी परिमंडल में 389 सार्वजनिक पंडालों व 26,482 निजी घरों में कुल मिलकर 26,871 गणेश मूर्तियां स्थापित की जानी है।

जबकि बेलापुर परिमंडल में 207 सार्वजनिक सहित कुल 27,465 गणेश प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इसी तरह पनवेल परिमंडल में 427 सार्वजनिक, 46,593 निजी घरों में कुल 47,020 गणेश मूर्तियां स्थापित की जानी हैं।

Navi Mumbai Police on alert for Ganeshotsav; 'One Mandal, One Policeman' scheme implemented
मुंबई समेत 10 शहरों में युवाओं का मानसिक स्वास्थ्य सर्वे, 49.5% परेशानियां छिपाकर खुद ही कर रहे सामना

पुलिस प्रशासन अलर्ट

गणेशोत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और कानून-व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए नवी मुंबई पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए है। इसके तहत 7 पुलिस उपायुक्त, 13 सहायक पुलिस आयुक्त, 70 पुलिस निरीक्षक 235 सहायक पुलिस निरीक्षक/उपनिरीक्षक एवं 2,128 पुलिस जवानों की तैनाती की जा रही है।

इसके अतिरिक्त 20 स्ट्राइकिंग फोर्स, 2 प्लाटून क्यूआरटी, 2 प्लाटून आरसीपी, 200 होमगार्ड, 148 ट्रैफिक वार्डन और 30 एमएसएफ जवान तैनात किए जा रहे हैं। साथ ही, प्रशिक्षित बम निरोधक एवं शोधक दस्ता भी तैनात रहेगा।

ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए गणेशोत्सव में डीजे के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया गया है। जिसको देखते हुए सभी पुलिस स्टेशनों में ध्वनि प्रदूषण विरोधी टीम का गठन किया गया है।

नवी मुंबई के पुलिस उपायुक्त (विशेष) योगेश चव्हाण ने नागरिकों से अपील की है कि गणेशोत्सव शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि उत्सव के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस की ओर से कड़ा बंदोबस्त रखा गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com