मुक्त व्यापार समझौतों से 70% वैश्विक बाजार खुला, महाराष्ट्र को बजट में बड़ा फायदा

Free Trade Deal: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के तहत भारत अपने हितों से समझौता नहीं करेगा। 38 देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
Piyush Goyal
पीयूष गोयल (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Piyush Goyal On Free Trade Deal: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को स्पष्ट किया कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की पूर्ति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश आज आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है और इस प्रक्रिया में भारत अपने हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने उपरोक्त बातें कहीं। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि प्रधानमंत्री की पहल पर विश्व के 38 देशों के साथ भारत के मुक्त व्यापार समझौतों की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिससे वैश्विक व्यापार क्षेत्र का 70 प्रतिशत हिस्सा भारत के लिए खुल गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इन समझौतों से देश का संपूर्ण हित सुरक्षित रहेगा और किसान या किसी अन्य क्षेत्र के हितों को कोई नुकसान नहीं होगा।

कृषि क्षेत्र का संरक्षण सुनिश्चित

केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि वैश्विक व्यापार के अवसरों के द्वार भारत के लिए खुल रहे है और अन्य देशों की तुलना में भारत को इन समझौतों से अधिक लाभ होगा। उन्होंने बताया कि भारतीय किसानों, दूध उत्पादन और जीएम खाद्य पदार्थों को इन समझौतों से बाहर रखा गया है, जिससे कृषक हितों की रक्षा सुनिश्चित हो रही है। अन्य क्षेत्रों के उत्पादों को वैश्विक बाजारों में प्रवेश का अभूतपूर्व अवसर मिलेगा, जिससे निर्यात, रोजगार और निवेश में बड़ी वृद्धि होगी।

गोयल का कांग्रेस पर तीखा हमला

गोयल ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि पार्टी में निराशा छाई हुई है और जनता में भ्रम फैलाने के अलावा उनके पास कोई ठोस योजना नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि राहुल गांधी जैसे नेताओं को जनता ने जिस प्रकार नकारा है। उसे देखते हुए उनके ये निराशाजनक प्रयास सफल नहीं होंगे।

महाराष्ट्र को केंद्रीय बजट से बड़ा लाभ

  • गोयल ने बताया कि केंद्रीय बजट से महाराष्ट्र को भारी लाभ मिलेगा। रेलवे परियोजनाओं के लिए महाराष्ट्र को 24 हजार करोड़ रुपए का आवंटन किया गया है। पुणे और नागपुर में ग्रोथ हब के रूप में आगामी पांच वर्षों में विकास होगा, जिसके लिए प्रत्येक शहर को 5 हजार करोड़ रुपए की राशि आवंटित की गई है।
  • मुंबई-पुणे और पुणे-हैदराबाद हाईस्पीड रेल कॉरिडोर की योजना भी बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल, वाढवण बंदरगाह का विकास और तीसरे हवाई अड्डे जैसी परियोजनाओं से स्वाभाविक रूप से महाराष्ट्र को लाभ होगा।
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com