

Maratha Kranti Morcha Ultimatum: ओबीसी नेता लक्ष्मण हाके को महाराष्ट्र सरकार द्वारा दी गई वाय प्लस सुरक्षा को लेकर मराठा क्रांती मोर्चा ने आक्रामक रुख अपनाया है। मोर्चा के राज्य समन्वयक महेश डोंगरे ने मांग की है कि 15 दिनों के भीतर यह सुरक्षा वापस ली जाए, अन्यथा संगठन उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल कर पूरे राज्य में आंदोलन छेड़ेगा।
इस मांग के बाद मराठा-ओबीसी विवाद फिर से भड़कने की आशंका जताई जा रही है। डोंगरे ने सवाल उठाया कि चुनाव में मात्र 273 वोट पाने वाले और कोई उल्लेखनीय समाजकार्य न करने वाले हाके को चार एसपीओ और आगे-पीछे पुलिस वाहनों सहित इतनी बड़ी सुरक्षा क्यों दी जा रही है? उन्होंने आरोप लगाया कि हाके ओबीसी-मराठा विवाद भड़काकर जातीय तनाव और दंगे कराने का काम करते हैं।
महेश डोंगरे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से ओबीसी नेता लक्ष्मण हाके को दी गई Y-Plus सुरक्षा व्यवस्था पर पुनर्विचार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार को यह देखना चाहिए कि हाके को इतनी बड़ी सुरक्षा देने की वास्तविक आवश्यकता क्या है और इसके पीछे क्या आधार हैं।
डोंगरे ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर उचित निर्णय लेने की मांग की। साथ ही, उन्होंने मराठा और अठारह पगड़ जातियों के युवाओं से इस मुद्दे को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से राज्य के प्रत्येक पुलिस थाने और एसपी कार्यालय में निवेदन सौंपने की अपील की।
डोंगरे के अनुसार, निवेदन के माध्यम से सरकार और पुलिस प्रशासन तक सुरक्षा हटाने की मांग पहुंचाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में निवेदन मिलने से प्रशासन इस विषय पर गंभीरता से विचार करेगा और उचित फैसला ले सकेगा।
डोंगरे ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों में सुरक्षा नहीं हटाई गई तो संगठन कोर्ट जाएगा, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और दोनों उपमुख्यमंत्रियों को निवेदन सौंपेगा तथा पुलिस महासंचालक कार्यालय के सामने बड़ा आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा हटने से राज्य का माहौल शांत होगा।