

ठाणे उप-परिसर के BBA-LLB छात्र परेशान।
रिजल्ट में देरी से नौवें सेमेस्टर की परीक्षा रुकी।
2023 से लगातार बनी हुई है समस्या।
यूनिवर्सिटी का भरोसा, एक हफ्ते में मिलेंगी अंकतालिकाएं।
Mumbai University Thane Sub Campus: मुंबई यूनिवर्सिटी के ठाणे उप-परिसर में पांच वर्षीय बीबीए-एलएलबी पाठ्यक्रम की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के सामने गंभीर शैक्षणिक संकट खड़ा हो गया है।
परीक्षा परिणाम घोषित करने में लगातार हो रही देरी के कारण पांचवें वर्ष के छात्रों का एक पूरा शैक्षणिक साल बर्बाद होने का खतरा पैदा हो गया है। स्थिति यह है कि कई विद्यार्थियों को नौवें सेमेस्टर की मुख्य परीक्षा में बैठने से भी रोक दिया गया है।
मुंबई छात्रों के अनुसार, परीक्षा परिणामों में देरी की समस्या वर्ष 2023 से लगातार बनी हुई है। इसका सबसे ज्यादा असर अब अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। छात्रों का कहना है कि उन्होंने पूरे शैक्षणिक सत्र में नियमित रूप से कक्षाएं अटेंड कीं और सभी आंतरिक मूल्यांकन भी निर्धारित समय पर पूरे किए। इसके बावजूद पुराने सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम घोषित नहीं होने के कारण उन्हें नौवें सेमेस्टर की परीक्षा के लिए अयोग्य ठहरा दिया गया है।
पांच वर्षीय पाठ्यक्रम के अंतिम चरण में पहुंच चुके विद्यार्थियों के लिए यह स्थिति काफी चिंताजनक है। छात्रों और उनके अभिभावकों को आशंका है कि परिणामों में देरी और परीक्षा में शामिल होने पर रोक के कारण उनका एक साल खराब हो सकता है। विद्यार्थियों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। उनका कहना है कि समय पर पढ़ाई और आंतरिक मूल्यांकन पूरा करने के बावजूद वे परीक्षा प्रक्रिया में आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं।
मामले पर मुंबई विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों को राहत देने का आश्वासन दिया है। प्रशासन के मुताबिक, लंबित अंकतालिकाएं अगले एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध करा दी जाएंगी। अधिकारियों ने यह भी कहा है कि प्रभावित छात्रों को परीक्षा फॉर्म भरने के लिए अतिरिक्त समय दिया जाएगा, ताकि वे परीक्षा में शामिल होने का अवसर न गंवाएं।
विश्वविद्यालय के आश्वासन के बाद अब विद्यार्थियों की नजर लंबित परिणामों और परीक्षा प्रक्रिया पर है। छात्रों की मांग है कि जल्द से जल्द अंकतालिकाएं जारी की जाएं और उन्हें नौवें सेमेस्टर की परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिले। समय पर समाधान नहीं होने की स्थिति में उनकी डिग्री पूरी होने में देरी हो सकती है।