मुंबई, ठाणे और पालघर में लू का कहर; मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट जारी, पढ़ें ये गाइडलाइन

Maharashtra Weather Update: मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे और पालघर के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। पारा 39 डिग्री के पार पहुंचने और भीषण लू चलने की संभावना है। जानें बचाव के जरूरी उपाय।
Mumbai, Thane, Palghar Hit By Severe Heatwave; IMD Upgrades Alert To Orange
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: AI)
Published on
Updated on

IMD Orange Alert Maharashtra: महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे और पालघर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए भीषण लू की चेतावनी दी है। मार्च के महीने में ही तापमान में आई इस अचानक बढ़ोतरी ने नागरिकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

पारा 39 डिग्री के पार, उमस ने बढ़ाई बेचैनी

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में मुंबई और इसके आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर यह 40 डिग्री को भी छू सकता है। सांताक्रूज वेदर स्टेशन ने पहले ही सामान्य से 5-6 डिग्री अधिक तापमान दर्ज किया है। एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण चलने वाली गर्म हवाओं ने वातावरण में नमी और गर्मी का ऐसा मिश्रण पैदा किया है जिससे 'रियल फील' तापमान कहीं ज्यादा महसूस हो रहा है।

ऑरेंज अलर्ट का क्या है मतलब?

IMD द्वारा ऑरेंज अलर्ट तब जारी किया जाता है जब लू की स्थिति गंभीर हो जाती है और यह स्वास्थ्य के लिए जोखिम पैदा कर सकती है, विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार व्यक्तियों के लिए। प्रशासन ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच सीधे धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह

भीषण गर्मी के कारण डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और सनबर्न का खतरा बढ़ जाता है। डॉक्टरों का कहना है कि अगर आपको चक्कर आना, तेज सिरदर्द, मतली या अत्यधिक थकान महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

क्या करें और क्या न करें

हाइड्रेटेड रहें: प्यास न लगने पर भी पर्याप्त पानी पिएं। ओआरएस (ORS), लस्सी, नींबू पानी और छाछ का सेवन फायदेमंद है।

सही पहनावा: हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े पहनें। बाहर जाते समय सिर को टोपी, दुपट्टे या छाते से ढकें।

खान-पान: हल्का भोजन करें और अधिक प्रोटीन वाले या बासी भोजन से बचें। तरबूज, ककड़ी जैसे मौसमी फलों का सेवन करें।

दोपहर की धूप से बचें: जरूरी काम हो तो ही दोपहर में बाहर निकलें। पालतू जानवरों और बच्चों को खड़ी कार में अकेला न छोड़ें।

मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है। कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में भी तापमान सामान्य से ऊपर रहने के संकेत हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com