

शिवड़ी-वर्ली कनेक्टर के मुख्य रेल ओवर ब्रिज का करीब 63 प्रतिशत काम पूरा हुआ।
एल्फिन्स्टन रोड पर डबल डेकर ब्रिज बनाया जा रहा है।
निचले डेक से लोकल ट्रेनें और ऊपरी डेक से वाहन गुजरेंगे।
करीब 4.5 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर को 31 मई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
Elphinstone Double Decker Bridge: मुंबई के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी को नई मजबूती देने वाली एमएमआरडीए की शिवड़ी-वर्ली कनेक्टर प्रोजेक्ट अपने महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंच गयाहै। इससे जुड़े एल्फिन्स्टन रोड पर डबल डेकर ब्रिज का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है।
परियोजना के तहत मुख्य रेल ओवर ब्रिज (ROB) का लगभग 63 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है। इसके साथ ही शिवड़ी और वर्ली, दोनों छोर पर एप्रोच रोड) का काम भी लगातार प्रगति पर है। दो मंजिला पुल पर होगी अलग अलग यातायात की व्यवस्था होगी एल्फिन्स्टन रोड पर बनने वाले इस नए पुल के निचले डेक से लोकल ट्रेनें चलेंगी, जबकि ऊपरी डेक से शिवड़ी-वर्ली कनेक्टर के वाहन गुजरेंगे।
एमएमआरडीए की यह महत्वाकांक्षी परियोजना करीब 4.5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर के रूप में विकसित की जा रही है। इसका उद्देश्य अटल सेतु (मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक) से आने वाले वाहनों को मुंबई के पश्चिमी हिस्से तक सीधी कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है।
यह कॉरिडोर शिवड़ी से शुरू होकर वर्ली में कोस्टल रोड और बांद्रा-वर्ली सी लिंक की ओर जाने वाले मार्गों से जुड़ेगा। इस परियोजना में शिवड़ी रेलवे स्टेशन के पास हार्बर लाइन और एल्फिन्स्टन रोड के पास रेलवे ट्रैक पर दो प्रमुख रेल ओवर ब्रिज भी महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। एल्फिन्स्टन रोड का नया पुल पुराने पुल की जगह लेगा, जिसे 112 वर्षों की सेवा के बाद अप्रैल 2026 में हटाया गया था।
परियोजना की समयसीमा को लेकर भी महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। महाराष्ट्र सरकार ने शिवड़ी-वर्ली कनेक्टर को पूरा करने के लिए 31 मई 2027 की नई समयसीमा निर्धारित की है। पहले इसे सितंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था।
लेकिन रेलवे ट्रैक के ऊपर निर्माण, ऊंचे पिलर और भारी गर्डरों की लॉन्चिंग जैसी तकनीकी चुनौतियों के कारण काम में देरी हुई है। रेलवे ट्रैक वाले हिस्से का निर्माण एमआरआईडीसी के महारेल के माध्यम से हो रहा है, जबकि अन्य हिस्सों का काम एमएमआरडीए के जिम्मे है।
शिवड़ी-वर्ली कनेक्टर शुरू होने के बाद अटल सेतु से मुंबई में प्रवेश करने वाले वाहन चालकों को पश्चिमी हिस्से तक पहुंचने के लिए अधिक सुविधाजनक मार्ग मिल सकेगा।
इससे पूर्वी और पश्चिमी मुंबई के बीच आवागमन आसान बनाने, प्रमुख सड़कों पर यातायात का दबाव घटाने और शहर के परिवहन नेटवर्क को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
एल्फिन्स्टन रोड का डबल डेकर ब्रिज इस पूरे प्रोजेक्ट की सबसे महत्वपूर्ण कड़ियों में से एक है। ऐसे में यह परियोजना केवल एक नए पुल का निर्माण नहीं, बल्कि मुंबई के भविष्य के सड़क परिवहन नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा।