

Mumbai Weather Relief: पिछले कई दिनों से तेज धूप, चिपचिपी उमस और गर्मी से परेशान मुंबईवासियों को रविवार सुबह मौसम ने बड़ी राहत दी। छुट्टी के दिन अचानक बदले मौसम के मिजाज ने मुंबई महानगर क्षेत्र को बारिश की ठंडी फुहारों से सराबोर कर दिया। मुंबई शहर, उपनगरों, ठाणे, नवी मुंबई, रायगढ़ और पालघर के कई इलाकों में सुबह से बादलों का डेरा रहा और देखते ही देखते गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश शुरू हो गई। हालांकि, इस बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई, वहीं शहर में कई स्थानों पर मामूली जलभराव, बेहाल यातायात और लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला।
बता दें कि सुबह के समय गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान कर रखा था, लेकिन कुछ ही घंटों में मौसम ने करवट बदल ली। बांद्रा, खार, सांताक्रूज, विले पार्ले, अंधेरी, वर्सोवा, दादर, माटुंगा, चेंबूर, कुर्ला और मानखुर्द सहित अनेक इलाकों में लगातार दो से तीन घंटे तक बारिश होती रही। बारिश के कारण वातावरण में ठंडक घुल गई और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बारिश की वजह से कई निचले इलाकों और प्रमुख सड़कों पर पानी जमा हो गया।
जलभराव के चलते वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई और कई मार्गों पर लंबा जाम लग गया। सायन-पनवेल महामार्ग पर वाशी की दिशा में बारिश और एक सड़क दुर्घटना के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। वाहन चालकों को घंटों तक रेंगते हुए आगे बढ़ना पड़ा। दूसरी ओर मौसम विशेषज्ञों के अनुसार रविवार को हुई बारिश को मानसून की दस्तक नहीं माना जा सकता। यह पूरी तरह प्री-मानसून गतिविधियों का परिणाम है।
अचानक हुई तेज बारिश से बचने के लिए बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन चालक फ्लाईओवर, स्काईवॉक और दुकानों की छतों के नीचे शरण लेते नजर आए। हालांकि, किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है, लेकिन मनपा और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहे। उपनगरीय रेल सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं, लेकिन कुछ लोकल ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चली।