मुंबई की समस्याओं पर मेयर रितु तावड़े का बड़ा बयान, नवभारत के साथ इंटरव्यू में बताईं बीएमसी की प्राथमिकताएं

Mayor Ritu Tawde ने नवभारत से बातचीत में बीएमसी के राजस्व, जलजमाव, अवैध फेरीवालों, इंफ्रा प्रोजेक्ट और भ्रष्टाचार पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि सुविधाएं बेहतर बनाना प्राथमिकता है।
Mumbai BMC Drain Cleaning Deadline
रितु तावड़े (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

BMC Mayor Ritu Tawde Interview With Navbharat: मुंबई से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर महापौर रितु तावड़े से नवभारत के संवाददाता ब्रिजेश पाठक ने विस्तृत बातचीत की। इस बातचीत के प्रमुख अंश निम्नलिखित हैं।

सवाल: बीएमसी अपना राजस्व बढ़ाने के लिए क्या उपाय करने वाली है?

जवाब: बीएमसी का राजस्व बढ़ाने के लिए जो पॉलिसी में है, वह तो चल ही रही है। लेकिन मेरे भाषण में था कि जो पानी के लिए प्रति वर्ष 8 प्रतिशत टैक्स बढ़ाया जाता रहा, उसे हटा दिया जाएगा। अभी प्रशासनिक स्तर पर बातचीत चल रही है और ऐसा कुछ निर्णय लिया जाएगा तो अवश्य मैं साझा करूंगी। आम नागरिकों को बेहतर सुविधा मिले और उन पर टैक्स का बोझ कम रहे यह हमारा प्रयास है। मुंबई में मॉनसून में जलजमाव की समस्याएं बरकरार रहती हैं। हर वर्ष बीएमसी करोड़ों रुपये खर्च करती है लेकिन स्थिति जस की तस। 25 30 वर्षों में मुंबई को उन्होंने ऐसा बनाकर रखा था, उन समस्याओं को हम सुलझा रहे हैं। मॉनसून के पहले नालों की सफाई के लिए आईआईटी बॉम्बे की कमेटी बनाई गई है। इस पर काम चल रहा है। मीठी नदी की सफाई भी चालू है। मैं खुद सभी स्थलों का दौरा करूंगी।

सवाल: अवैध फेरीवालों पर कार्रवाई होती है, लेकिन कुछ दिन बाद वे फिर अतिक्रमण कर लेते हैं। क्या लगातार एक्शन जारी रहेगा ?

जवाब:  ऐसा पहले होता था लेकिन अब नहीं होगा। अवैध फेरीवालों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। इस मुद्दे को लेकर मैं लगातार रिव्यु मीटिंग भी करती रहती हूं। दादर, घाटकोपर, मुलुंड, बोरीवली सब जगह एक मैसेज गया है कि यह कार्रवाई शुरू हुई है और आगे भी चलती रहेगी। महापौर, उप महापौर तो रास्तों पर दिख ही रहे हैं लेकिन अब बीएमसी आयुक्त भी सड़कों पर घूमकर अवैध फेरीवालों पर कार्रवाई के निर्देश दे रहे हैं। यह जो धारणा बनाई गई थी कि दो दिन कार्रवाई होगी तीसरे दिन बैठ जाएंगे, अब महायुति के राज में ऐसा नहीं होगा। अब उन पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होगी, और जिनके पास लाइसेंस है, सिर्फ उन्हें ही मान्यता दी जाएगी।

सवाल:  बीएमसी में जो भ्रष्टाचार है, उस पर कैसे लगाम लगायी जाएगी ?

जवाब: इसके लिए हाल ही में जेम पोर्टल लाया गया है। जो 27 चीजें हम बीएमसी स्कूलों में बच्चों को मुफ्त देते हैं, उसकी खरीदी के लिए जेम पोर्टल का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे पारदर्शिता बनी रहेगी। अब ठेकेदार भी जेम पोर्टल का इस्तेमाल करेंगे।

सवाल:  बीएमसी के बड़े-बड़े इंफ्रा प्रोजेक्ट जैसे सायन ब्रिज, मृणाल ताई एक्सटेंशन फ्लाईओवर और अन्य। इन ब्रिजों की डेडलाइन को आगे बढ़ाया जाता है। यह तय समय में पूरा किया जाए, इसके लिए आप क्या करेंगी?

जवाब: ब्रिज का काम जोरदार तरीके से चालू है। हाल ही में मैं पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर का उद्घाटन किया था। जितने भी मुंबई के ब्रिज हैं, उन पर आईआईटी बॉम्बे कमेटी है। जो ब्रिज सुरक्षा के लिहाज से असुरक्षित हैं, उन्हें पुनः निर्माण करने के निर्देश दिए हैं। बाकी के अन्य ब्रिज पर पूरी टीम काम कर रही है। अभी काम दिखाई दे रहा है। डबल इंजन सरकार 2014 से है और अब ट्रिपल इंजन सरकार है। केंद्र काम कर रहा है, राज्य काम कर रहा है और महानगरपालिका भी काम कर रही है। शाम 7 बज गए हैं लेकिन मैं और उप महापौर भी यही कार्यालय में हैं और काम कर रहे हैं। काम की गति तेज है, लोग मुझसे कहते हैं कि आप तेज गति से काम कर रही हो और हम लोग पीछे छूट जा रहे हैं। हर काम की रिव्यु मीटिंग की जा रही है। अवैध बांग्लादेशी मुद्दे पर अगली बैठक 11 मार्च को होने वाली है।

सवाल:  आप एक महिला महापौर हैं, तो ऐसे में मुंबई की महिलाओं को आप क्या संदेश देना चाहेंगी?

जवाब:  महिला को सक्षम होना चाहिए। महिला के अंदर जो एक सशक्त महिला है, उसे खोजना चाहिए, जो समस्या है, उसका डट कर मुकाबला करो। काफी महिलाओं को घरेलू हिंसा का सामना करना पड़ता है। मारपीट सहना यह भी गुनाह है। सक्षम सिर्फ कागजों पर नहीं बल्कि हकीकत में होना चाहिए। एक ही जीवन है, उसे आनंद के साथ जीओ। कई महिलाएं मेरे पास व्यक्तिगत समस्या को लेकर आती हैं लेकिन मैं समझती हूं कि ताली एक हाथ से नहीं बजती। अगर एक ही हाथ है और दूसरा हाथ साथ नहीं दे रहा है तो क्या जरूरत ऐसे रिश्ते की। महिला को अपने अंदर की सर्व शक्तिशाली महिला को बाहर लाना चाहिए।

मुंबई से नवभारत लाइव के लिए ब्रिजेश पाठक की रिपोर्ट

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com