

स्पेशल ट्रेन 05526 22 नवंबर को एलटीटी से दोपहर 3:30 बजे रवाना होगी।
इस विशेष ट्रेन के लिए टिकटों की बुकिंग 21 नवंबर से शुरू होगी।
इस स्पेशल ट्रेन में कुल 21 कोच होंगे, जिनमें आठ स्लीपर शामिल हैं।
LTT Saharsa Train Route Stoppages: त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ और ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए मध्य रेल ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है।
रेलवे ने लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी), मुंबई और बिहार के सहरसा के बीच एक अतिरिक्त फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस विशेष ट्रेन के संचालन से मुंबई और बिहार के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
मध्य रेल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रेन संख्या 05526 एलटीटी मुंबई-सहरसा स्पेशल 22 नवंबर 2026 को एलटीटी से दोपहर 3:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए 24 नवंबर को सुबह 5 बजे सहरसा पहुंचेगी। रेलवे का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करना और उन्हें सुगम रेल यात्रा उपलब्ध कराना है।
यह विशेष ट्रेन महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर गुजरेगी। रास्ते में ट्रेन का ठहराव ठाणे, कल्याण, नासिक रोड, जलगांव, भुसावल, इटारसी, जबलपुर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, सोनपुर, हाजीपुर जंक्शन, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, रुसेरा घाट, हसनपुर रोड, सलौना, खगड़िया जंक्शन, मानसी जंक्शन और सिमरी बख्तियारपुर में होगा।
रेलवे के मुताबिक, ट्रेन संख्या 05526 के लिए आरक्षण 21 नवंबर 2026 से शुरू होगा। यात्री सभी कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों के अलावा आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट www.irctc.co.in के माध्यम से टिकट बुक कर सकेंगे। अनारक्षित कोचों में यात्रा के लिए सामान्य शुल्क पर UTS प्रणाली से टिकट उपलब्ध होंगे। यात्री RailOne ऐप के जरिए भी टिकट बुक कर सकते हैं।
इस ट्रेन में कुल 21 कोच होंगे। इनमें 8 स्लीपर क्लास, 11 सामान्य द्वितीय श्रेणी और 2 सामान्य द्वितीय श्रेणी सह गार्ड ब्रेक वैन (अमृत भारत कोच) शामिल हैं।