

Mumbai KEM Hospital Renaming News: परेल स्थित केईएम अस्पताल, जो देशभर के मरीजों के लिए भरोसे का प्रतीक बन चुका है, अब अपनी नई पहचान की ओर बढ़ रहा है। 22 जनवरी 1926 को स्थापित इस ऐतिहासिक अस्पताल का नाम बदलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष हरिश भांदिगें ने जानकारी दी कि अस्पताल का नया नाम ‘कौशलश्रेष्ठ एकलव्य स्मारक अस्पताल’ प्रस्तावित किया गया है। शुक्रवार को आयोजित स्वास्थ्य समिति की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। अब इस प्रस्ताव को सुझाव और अंतिम निर्णय के लिए मुंबई महानगरपालिका प्रशासन के पास भेजा गया है।
इस नाम परिवर्तन के पीछे ‘स्वदेशी’ की प्रेरणादायी सोच को प्रमुख कारण बताया जा रहा है। देश में अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को पुनः स्थापित करने की दिशा में यह कदम उठाया जा रहा है। सार्वजनिक संस्थानों के विदेशी नामों को बदलकर भारतीय पहचान देने की पहल को भी इसी सोच से जोड़ा जा रहा है।
परेल स्थित यह अस्पताल लंबे समय से देश के कोने-कोने से आने वाले मरीजों को सेवाएं दे रहा है। अपनी बेहतर चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञ डॉक्टरों के कारण केईएम अस्पताल ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक मजबूत पहचान बनाई है।
हालांकि स्वास्थ्य समिति से मंजूरी मिलने के बाद अब इस प्रस्ताव को अंतिम रूप देने के लिए मनपा प्रशासन की स्वीकृति जरूरी होगी। प्रशासन की मंजूरी के बाद ही अस्पताल के नाम में आधिकारिक बदलाव किया जाएगा।
अगर यह प्रस्ताव अंतिम रूप लेता है, तो केईएम अस्पताल अपनी ऐतिहासिक विरासत को बरकरार रखते हुए एक नई पहचान के साथ आगे बढ़ेगा। यह बदलाव न केवल नाम में होगा, बल्कि भारतीय मूल्यों और स्वदेशी सोच को भी दर्शाएगा।