इवनिंग वॉक पर निकले बुजुर्ग की रॉड से पीट-पीटकर हत्या, घाटकोपर की ‘खतरनाक गली’ फिर चर्चा में

Mumbai Crime News: मुंबई के घाटकोपर की फर्नीचर गली में इवनिंग वॉक पर निकले सुरेंद्र पाचाडकर की लोहे की रॉड से पीटकर हत्या कर दी गई। इलाके में ड्रग एडिक्ट्स और छिनैती करने वाले सक्रिय हैं।
mumbai-ghatkopar-senior-citizen-murder-furniture-gali-crime
हत्या के घटना स्थल पर जांच करने पहुंची पुलिस (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mumbai Ghatkopar Murder News: मुंबई के घाटकोपर स्थित फर्नीचर गली एक वरिष्ठ नागरिक के लिए मौत की गली साबित हुई है। इवनिंग वॉक पर निकले सुरेंद्र धोंडू पाचाडकर (महाराज) को लोहे के रॉड से हमला कर मार डाला गया। घटना की जानकारी मिलते ही जोन 7 के पुलिस उपायुक्त राकेश ओला ने मौके का जायजा लिया।

मुंबई की घाटकोपर बेस्ट सीजीएस कॉलोनी के सामने फुटपाथ पर एक वरिष्ठ नागरिक, सुरेंद्र धोंडू पाचाडकर (महाराज) की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई है। विक्रोली पार्क साईट के निवासी पाचाडकर रोज की तरह इवनिंग वॉक करते हुए घाटकोपर आए थे। मंदिर में दर्शन करने के बाद, जब वे सीजीएस कॉलोनी की फर्नीचर गली से पैदल जा रहे थे, तब रात तकरीबन 8:30 से 9 बजे के बीच उन पर हमला हुआ।

हमलावरों ने उन पर लोहे के रॉड से हमला किया, जिसकी वजह से अस्पताल में उनकी मौत हो गई। घटनास्थल से लोहे का रॉड बरामद किया गया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

हालांकि, कुछ मीडिया सूत्रों के अनुसार पुलिस मामले की लीपापोती करने में जुटी है। घटना की जानकारी मिलते ही जोन 7 के पुलिस उपायुक्त राकेश ओला ने स्वयं घटनास्थल का जायजा लिया।

'धक्का मारकर' बनाते हैं शिकार

यह इलाका असामाजिक गतिविधियों के लिए बदनाम है। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, घाटकोपर बेस्ट रेडलाइट एरिया से लेकर ध्रुवराज सिंह मार्ग, सीजीएस कॉलोनी रोड, लक्ष्मी नारायण मंदिर रोड, उदय टाकीज, और सेंट्रल बार के सामने की सड़कों तथा गलियों में असामाजिक तत्वों का जमघट लगा रहता है।

इनमें ड्रग्स एडिक्ट, पॉकेटमार और छिनैती करने वाले शामिल हैं। ये अपराधी लोगों को निशाना बनाने के लिए पहले उन्हें धक्का देते हैं। इसके बाद झगड़ा कर के उनका मोबाइल या चेन छीनने की कोशिश करते हैं। यदि व्यक्ति विरोध करता है तो ये समूह में जमा होकर उसकी पिटाई कर देते हैं। पाचाडकर भी इसी खतरनाक घटना का शिकार हो गए।

हाई-रेजोल्यूशन कैमरे भी बेअसर

इस इलाके में छिनैती की घटनाएं आम हो चुकी हैं। रोकड़िया हनुमान मंदिर से लेकर चांदनी लॉज तक, असामाजिक गतिविधियों में शामिल पुरुष और महिला लोगों से जबरन छिनैती करते देखे जाते हैं। पुलिस ने इन संवेदनशील जगहों पर हाई-रेजोल्यूशन कैमरे भी लगाए हैं, लेकिन अक्सर ये कैमरे बंद रहते हैं या उनके डायरेक्शन बदल दिए जाते हैं।

अपराधियों के लिए यह इलाका छिपने का एक आसान ठिकाना है। सीजीएस कॉलोनी में सड़कों के किनारे फर्नीचर और भंगार वाले अपनी दुकानें लगाते हैं। साथ ही, बगल में सेंट्रल वेयर हाउसिंग का गोदाम और सड़कों पर बनी झुग्गियां हैं। आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के बाद असामाजिक तत्व इन्हीं ठिकानों में छुप जाते हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com