

Mumbai Crime Branch Unit 6 Arrests Sumit Swastik Sawant: मुंबई क्राइम ब्रांच (यूनिट-6) ने तीन साल से फरार चल रहे कुख्यात आरोपी सुमित स्वास्तिक सावंत (32) को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के खिलाफ चुनाभट्टी पुलिस स्टेशन में महाराष्ट्र प्रिवेंशन ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (मकोका), हत्या, हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश और आर्म्स एक्ट के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वारदात के बाद से वह लगातार पुलिस से बचता फिर रहा था।
जांच के दौरान सामने आया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपनी पहचान बदल रहा था और अलग-अलग राज्यों में ठिकाने बदलकर रह रहा था। पुलिस के अनुसार, वह सिंधुदुर्ग, गोवा, चेन्नई, राजस्थान और दिल्ली सहित कई स्थानों पर छिपकर रह चुका था, जिससे उसकी गिरफ्तारी चुनौतीपूर्ण बनी हुई थी।
मुंबई क्राइम ब्रांच ने आरोपी तक पहुंचने के लिए तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना तंत्र (ह्यूमन इंटेलिजेंस) का प्रभावी इस्तेमाल किया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नवी मुंबई के खारघर इलाके में छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने सेक्टर-19 में घेराबंदी कर सुमित सावंत को दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद क्राइम ब्रांच ने आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए चुनाभट्टी पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि फरारी के दौरान उसे किसने मदद पहुंचाई और क्या उसके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग भी सक्रिय हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच आगे भी जारी रहेगी।