मुंबई में दूसरे दिन भी CNG संकट बरकरार, ऑटो-रिक्शा की लगी लंबी कतार

Mumbai News: मुंबई में CNG पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से 60% पंपों पर ही आपूर्ति, टैक्सी-ऑटो चालकों की घंटों लंबी कतारें। MGL ने दोपहर तक सप्लाई बहाल होने की उम्मीद जताई, शहर में अव्यवस्था बनी रही।
mumbai-cng-supply-crisis-long-queues-pipeline-damage
ऑटो लगी कतार (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Mumbai CNG Crisis: मुंबई में एक प्रमुख सीएनजी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद आपूर्ति बाधित हो गई है, जिसके कारण महानगर और आसपास के इलाकों में लगातार दूसरे दिन भी CNG पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। मंगलवार सुबह से ही महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) के पंपों पर काली-पीली टैक्सियों और ऑटोरिक्शा की भीड़ उमड़ पड़ी।

कई ड्राइवरों ने बताया कि जहां सामान्य दिनों में गैस भरवाने में 15 से 30 मिनट लगते हैं, वहीं अब चार घंटे से अधिक इंतजार करना पड़ रहा है। टैक्सी चालक सीताराम रजक ने कहा कि वे सुबह चार बजे से कतार में खड़े हैं और अभी भी गैस मिलने की कोई गारंटी नहीं है। उन्होंने कहा कि कम गैस उपलब्धता की वजह से सड़क पर कम कैब चल रही हैं, जिससे उनकी रोज़ी-रोटी प्रभावित हो रही है।

सिटी गेट स्टेशन तक गैस प्रवाह बाधित

एमजीएल के अनुसार, राष्ट्रीय रसायन एवं उर्वरक (आरसीएफ) परिसर के भीतर गेल की मुख्य गैस आपूर्ति पाइपलाइन को तीसरे पक्ष द्वारा क्षति पहुंचाई गई, जिसके कारण वडाला स्थित सिटी गेट स्टेशन (सीजीएस) तक गैस प्रवाह बाधित हुआ। यह स्टेशन मुंबई में गैस आपूर्ति का प्रमुख प्रवेश बिंदु है।

सोमवार शाम तक एमजीएल ने बताया कि मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) के 389 सीएनजी पंपों में से लगभग 225 पंप यानी करीब 60% पर ही गैस पहुंच रही है। कंपनी का कहना है कि मंगलवार दोपहर तक पूरी आपूर्ति बहाल होने की संभावना है।

पेट्रोल विक्रेता संघ ने बताया कि मुंबई के लगभग 150 सीएनजी पंपों में से कई कम गैस दबाव के कारण सोमवार सुबह से ही बंद पड़े हैं। इससे टैक्सी और ऑटो चालकों में नाराजगी और बेचैनी बढ़ गई है, क्योंकि उनकी आजीविका पूरी तरह गैस आपूर्ति पर निर्भर है।

गैस आपूर्ति बहाल होने के इंतजार में शहर के पंपों पर लंबी कतारें लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे ट्रैफिक और यात्रियों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com