

Mumbai Airport Smuggling: मुंबई एयरपोर्ट गोल्ड स्मगलरों का अड्डा बनता जा रहा है। जांच एजेंसी राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने तत्परता दिखाते हुए, स्मगलरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करोड़ों का गोल्ड पकड़ा है। ताजा मामले में डीआरआई ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय अड्डे हवाई (सीएसएमआईए) पर मुस्तैदी दिखाते हुए, एक बड़े अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
डीआरआई ने बैंकॉक से तस्करी कर लाया गया 7.49 करोड़ मूल्य का 5.095 किलोग्राम 24-कैरेट सोना जब्त किया है। इस सनसनीखेज मामले में हवाई अड्डे के विभिन्न आउटलेट्स में काम करने वाले तीन कर्मचारियों और तीन फिलीपींस नागरिकों सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
जांच में सामने आया कि तस्करों ने सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देने के लिए एक बेहद शातिर नेटवर्क तैयार किया था। फिलीपींस के तीन ट्रांजिट यात्री नासिर अलीमुद्दीन लकीम, क्रिस्टीन जॉय और बेनी लॉयड मोम में छिपाकर रखी गई सोने की धूल से भरे बैग लेकर आए थे। उन्होंने यह सोना हवाई अड्डे के प्रस्थान हॉल में स्थित एक स्टोर के मैनेजर फिरोज सैयद को सौंपा।
फिरोज ने इसे अपने सहयोगी हिमांशु उपाध्याय को दिया, जिसे पी 4 पार्किंग स्तर पर तैनात मोहिद हसन सिद्दीकी को यह खेप सौंपनी थी। ताकि इसे सुरक्षित रूप से
मुंबई हवाई अड्डे से बाहर निकाला जा सके डीआरआई अधिकारियों ने रात करीब 10:30 बजे हिमांशु को मोहिद को बैग सौंपते समय रंगे हाथों धर दबोचा है।
अदालत में विदेशी नागरिकों के वकीलों, आफताब कुरैशी और प्रभाकर त्रिपाठी ने तर्क दिया कि, उनके मुवक्किल केवल ट्रांजिट यात्री थे। उनका भारत में प्रवेश करने या सीमा शुल्क सीमा लांघने का कोई इरादा नहीं था। हालांकि, अदालत ने दलीलों को खारिज करते हुए सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। डीआरआई अब इस गिरोह के मुख्य सरगना का पता लगाने में जुटी है।